राजनीति

विधानसभा चुनावों के लिए महिला कांग्रेस को बूथ स्तर पर मजबूत करने के निर्देश

देहरादून में गढ़वाल मंडल महिला कांग्रेस पदाधिकारियों की बैठक

देहरादून, 22 जनवरी। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी सुनीता गावडे ने आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए महिला कांग्रेस को बूथ स्तर पर सशक्त करने पर जोर दिया है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक बूथ पर महिला कांग्रेस की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और कम से कम दो महिलाओं की भागीदारी के साथ बूथों को मजबूत किया जाए।

प्रदेश आगमन पर सुनीता गावडे की उपस्थिति में उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी के गढ़वाल मंडल के पदाधिकारियों की बैठक प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव शिल्पी अरोड़ा तथा राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश सहप्रभारी पूनम पंडित भी मौजूद रहीं।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी सुनीता गावडे ने कहा कि पार्टी नेतृत्व विधानसभा चुनावों में महिला कांग्रेस को उचित प्रतिनिधित्व देगा और जहां महिला प्रत्याशी मजबूत स्थिति में होंगी, वहां उन्हें पूरा अवसर प्रदान किया जाएगा। उन्होंने भाजपा सरकारों पर महिला विरोधी नीतियों का आरोप लगाते हुए कहा कि “बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ” का नारा देने वाली सरकारों के कार्यकाल में महिलाओं पर अत्याचार के मामले लगातार बढ़े हैं, जिसके खिलाफ महिला कांग्रेस को पूरी मजबूती से संघर्ष करना होगा।

प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने प्रदेश प्रभारी एवं सहप्रभारी का स्वागत करते हुए कहा कि महिला कांग्रेस, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे, श्री राहुल गांधी, अखिल भारतीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती अल्का लांबा तथा प्रदेश प्रभारी एवं सहप्रभारी के मार्गदर्शन में संगठन को मजबूत कर रही है। उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस मुख्य संगठन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की सत्ता में वापसी के लिए सरकार की नीतियों के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड सहित जनहित के मुद्दों पर महिला कांग्रेस द्वारा किए गए आंदोलनों की भी जानकारी दी।

बैठक में महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर शिवानी थपलियाल, प्रदेश उपाध्यक्ष आशा डोबरियाल शर्मा, चंद्रकला नेगी, महानगर अध्यक्ष उर्मिला थापा, शोभा बडोनी, जिलाध्यक्ष पूनम सिंह, रश्मि पटवाल, आशा रावत, अंशुल त्यागी, लता जोशी, महासचिव पुष्पा पंवार, निधि नेगी, सुशीला शर्मा, अनुराधा तिवाड़ी, सरिता बिष्ट, दर्शनी रावत, सरिता कुरैशी, गार्गी राय, रेखा ढींगरा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!