Front Page

गणतंत्र दिवस पर सीएम धामी ने गांधी पार्क में गाया ‘वंदे मातरम्’, दिया विकास और राष्ट्रभक्ति का संदेश

देहरादून, 26  जनवरी ।  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर देहरादून के गांधी पार्क में भारत विकास परिषद द्वारा आयोजित 9वें सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ गायन कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस गरिमामय कार्यक्रम में शामिल होना उनके लिए बेहद गर्व और खुशी की बात है। खास बात यह है कि इस वर्ष राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ अपनी रचना के 150 गौरवशाली वर्ष पूरे कर चुका है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की कलम से निकला ‘वंदे मातरम्’ स्वतंत्रता संग्राम का सबसे शक्तिशाली नारा बना, जिसने पूरे देश को एक भावनात्मक और सांस्कृतिक एकता प्रदान की तथा कई पीढ़ियों को राष्ट्रप्रेम से जोड़ा। जब रवींद्रनाथ टैगोर ने इसे संगीतमय रूप दिया, तो यह महज नारा नहीं रहा, बल्कि एकता, त्याग और राष्ट्रभक्ति का जीवंत प्रतीक बन गया।

उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ कोई साधारण कविता नहीं, बल्कि मां भारती के प्रति श्रद्धा, समर्पण और कर्तव्य की भावना की अभिव्यक्ति है। जब हजारों कंठों से एक साथ यह गीत गूंजता है, तो सिर्फ आवाजें ही नहीं, बल्कि दिल, विचार और संकल्प भी एक हो जाते हैं। इस भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भारत विकास परिषद के सभी कार्यकर्ताओं की उन्होंने सराहना की।

गणतंत्र दिवस को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 जनवरी 1950 को स्वतंत्र भारत ने अपना संविधान लागू कर लोकतांत्रिक गणराज्य के रूप में नई शुरुआत की। उन्होंने संविधान सभा के सदस्यों, स्वतंत्रता सेनानियों, क्रांतिकारियों और बलिदानियों को नमन किया। साथ ही देश की सुरक्षा के लिए प्राण न्योछावर करने वाले सेना और पुलिस के वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

श्री धामी ने कहा कि भारतीय संविधान सिर्फ कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि प्राचीन सभ्यता, लोकतांत्रिक मूल्यों और हजारों वर्षों की सांस्कृतिक चेतना का प्रतिबिंब है। जिस भारत को विविधताओं के कारण लोकतंत्र में टिकने पर संदेह था, वही आज दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र बन चुका है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की ओर तेजी से बढ़ रहा है। आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, स्मार्ट सिटी, राजमार्ग, हवाई संपर्क, डिजिटल इंडिया, यूपीआई और तकनीकी नवाचारों से हर नागरिक को लाभ मिल रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य और गरीब कल्याण में अभूतपूर्व काम हुए हैं। आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया से आर्थिक मजबूती आई है। सेनाओं का आधुनिकीकरण और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर नया आत्मविश्वास मिला है।

उत्तराखंड में भी प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में सरकार सर्वांगीण विकास के लिए काम कर रही है। सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा विरोधी कानून, ऑपरेशन कालनेमी, मदरसा बोर्ड समाप्ति, भू-कानून, समान नागरिक संहिता (UCC) और नकल विरोधी कानून जैसे कदम उठाए गए हैं। UCC लागू करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना। नकल माफियाओं पर सख्ती से 100 से ज्यादा को जेल भेजा गया।

पिछले साढ़े चार साल में 27 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गईं। राज्य की अर्थव्यवस्था राज्य गठन के समय से करीब 26 गुना बढ़ी, प्रति व्यक्ति आय 17 गुना हुई। बिजली उत्पादन और सड़क नेटवर्क में बड़ी वृद्धि हुई। पलायन निवारण आयोग की रिपोर्ट में 44% रिवर्स पलायन दर्ज हुआ, जो गांवों की ओर लौटने की उम्मीद दिखाता है। नीति आयोग के SDG इंडेक्स 2023-24 में उत्तराखंड को देश में पहला स्थान मिला।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विकल्प रहित संकल्प के साथ देवभूमि को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेशवासी कर्तव्य निभाकर उत्तराखंड और पूरे देश को मजबूत बनाएंगे।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक खजान दास, सविता कपूर सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!