क्षेत्रीय समाचार

पोखरी के खाल बजेठा में आयोजित हुआ जनता दरबार, ग्रामीणों ने उठाईं मूलभूत समस्या

पोखरी, 27 जनवरी (राणा)। मुख्यमंत्री की घोषणाओं में सम्मिलित सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत विकासखंड पोखरी की ग्राम पंचायत खाल बजेठा में आज जनता दरबार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता लोक निर्माण विभाग, गौचर के अधिशासी अभियंता सुनील कुमार ने की।
जनता दरबार में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य, बिजली, पेयजल तथा जंगली जानवरों से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम सभा क्षेत्र में बंदर, लंगूर, सूअर सहित अन्य जंगली जानवरों का आतंक लगातार बढ़ रहा है, जिससे खेती-बाड़ी पूरी तरह प्रभावित हो चुकी है।
ग्रामीणों ने आंगनबाड़ी केंद्र के पुनर्निर्माण, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी में विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती, अल्ट्रासाउंड एवं एक्स-रे मशीन की उपलब्धता तथा तकनीशियन की नियुक्ति की मांग भी रखी। शिविर में ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में प्रतिभाग कर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
अधिकारियों द्वारा अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी।
बैठक में विद्युत विभाग के अवर अभियंता धीरेन्द्र भंडारी, जल संस्थान के अवर अभियंता मनमोहन सिंह राणा, पीएमजीएसवाई के अवर अभियंता विनय थपलियाल, ग्राम पंचायत सहायक विपिन कुमार, ग्राम प्रधान सूरज सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!