ब्लॉग

भ्रष्टाचार, अपराध और बेरोज़गारी के खिलाफ कांग्रेस का जन-जागरण अभियान

तीन माह तक चलेगा अभियान, 16 फरवरी को राजभवन घेराव

देहरादून 29 जनवरी। उत्तराखंड कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत तथा सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा और मनोज यादव की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक के उपरांत सभी नेताओं ने संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता को संबोधित किया।
प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने राज्य की वर्तमान परिस्थितियों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड आज भ्रष्टाचार, महिला अपराध, बेरोज़गारी और प्रशासनिक अव्यवस्थाओं जैसी गंभीर चुनौतियों से जूझ रहा है। नेताओं का कहना था कि इन मुद्दों को लेकर जनता में व्यापक असंतोष है और सरकार को इन पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस, मुख्य विपक्षी दल होने के नाते, इन जनसमस्याओं के खिलाफ आगामी तीन महीनों तक राज्यव्यापी जन-जागरण अभियान चलाएगी। इस अभियान में युवा, महिला, किसान, कर्मचारी और बेरोज़गार वर्ग को जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य जनता की समस्याओं को लोकतांत्रिक तरीके से सामने लाना और सरकार को जनहित में कार्य करने के लिए प्रेरित करना है।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली को लेकर जनता के बीच सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसान, युवा और आम नागरिक विभिन्न समस्याओं से प्रभावित हैं और कांग्रेस इन मुद्दों को सड़कों से लेकर सदन तक मजबूती से उठाएगी। आर्य ने कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण सहित अन्य मामलों ने सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं, जिन पर पारदर्शी जवाब अपेक्षित हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि उत्तराखंड की सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक पहचान को सशक्त बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आगामी जन-जागरण अभियान के माध्यम से सरकार की नीतियों और फैसलों की समीक्षा जनता के समक्ष रखेगी। उन्होंने प्रदेश नेतृत्व के सामूहिक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संगठनात्मक एकता के साथ जनहित के मुद्दों को आगे बढ़ाया जाएगा।
चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने जानकारी दी कि जन-जागरण अभियान के अंतर्गत 16 फरवरी को प्रदेशभर के मुद्दों को लेकर राजभवन घेराव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से कांग्रेस कार्यकर्ता और नागरिक भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने का माध्यम होगा।
चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत ने कहा कि संगठन पूरी तरह एकजुट है और जन आंदोलन को योजनाबद्ध ढंग से गांव-गांव और शहर-शहर तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि 16 फरवरी का कार्यक्रम सरकार के समक्ष जनता की अपेक्षाओं और समस्याओं को रखने का अवसर होगा।
सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा एवं मनोज यादव ने कहा कि कांग्रेस जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष को और व्यापक रूप देगी। उन्होंने बताया कि 16 फरवरी के राजभवन घेराव कार्यक्रम के संयोजक चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!