पोखरी–हापला–गोपेश्वर मोटर मार्ग पर ठेकेदार की लापरवाही से जानलेवा हालत
जनप्रतिनिधियों व जनता में आक्रोश
पोखरी, 11 मार्च (राणा)। लोक निर्माण विभाग के अधीन लगभग 50 से अधिक ग्राम सभाओं को जिला मुख्यालय गोपेश्वर से जोड़ने वाला पोखरी–हापला–गोपेश्वर मोटर मार्ग इन दिनों ठेकेदार की लापरवाही के कारण बेहद खतरनाक स्थिति में पहुंच गया है। बगथल और नारी गदेरे के पास अधूरे निर्माण कार्य के चलते सड़क पर जानलेवा हालात बन गए हैं, जिससे क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने जिलाधिकारी से शीघ्र हस्तक्षेप कर निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की है।
इन दिनों लोक निर्माण विभाग की ओर से बगथल और नारी गदेरे में काजवे, पुस्ते और स्कवरों के पुनर्निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। लेकिन निर्माण कार्य की धीमी गति और ठेकेदार की लापरवाही के कारण दो माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद काम अधूरा पड़ा हुआ है। परिणामस्वरूप दोनों स्थानों पर सड़क अत्यंत जोखिम भरी हो गई है।
यह मोटर मार्ग क्षेत्र की दर्जनों ग्राम सभाओं को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। प्रतिदिन इस मार्ग से छोटे-बड़े यात्री वाहनों के साथ ही सामान से लदे ट्रकों की भी बड़ी संख्या में आवाजाही होती है। अधूरे निर्माण कार्य के कारण वाहन चालक और यात्री जान जोखिम में डालकर आवागमन करने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शीघ्र निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया गया तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
किमोठा के प्रधान बाल ब्रह्मचारी हरिकृष्ण किमोठी, सामाजिक कार्यकर्ता नरेंद्र सिंह नेगी, दिनेश रडवाल, काणड (ई.) चंद्रशिला के प्रधान भगत भंडारी, पूर्व प्रधान नवीन राणा, तोणजी की प्रधान राजेश्वरी देवी, गजेंद्र नेगी सहित कई जनप्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर बगथल और नारी गदेरे में काजवे, पुस्ते और स्कवरों के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने की मांग की है। उनका कहना है कि निर्माण कार्य पूरा होने से वाहन चालकों और यात्रियों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजकुमार ने बताया कि संबंधित ठेकेदार को निर्देश दे दिए गए हैं कि श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर दोनों स्थानों पर काजवे, पुस्ते और स्कवरों का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्य में लापरवाही पाई गई तो ठेकेदार पर पेनाल्टी लगाते हुए विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
