शिक्षा/साहित्य

राजकीय पीजी कॉलेज नागनाथ पोखरी में ‘उच्च शिक्षा के अवसर’ विषय पर व्याख्यान आयोजित

 

पोखरी, 16 मार्च (राणा)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नागनाथ पोखरी, चमोली में सोमवार को कैरियर काउंसलिंग प्रकोष्ठ के तत्वावधान में ‘उच्च शिक्षा के अवसर’ विषय पर एक दिवसीय व्याख्यान कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रीटा शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कैरियर काउंसलिंग प्रकोष्ठ के संयोजक डॉ. रामानन्द ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कार्यशाला के उद्देश्य पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भूगोल विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. राजेश भट्ट ने ‘उच्च शिक्षा के अवसर’ विषय पर सारगर्भित व्याख्यान देते हुए कहा कि उच्च शिक्षा प्राप्त करने के दौरान छात्र-छात्राओं को अनेक प्रकार की चुनौतियों और समस्याओं का सामना करना पड़ता है। उन्होंने इन चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके समाधान के लिए उपयोगी सुझाव भी दिए।
डॉ. भट्ट ने सरकार द्वारा छात्र कल्याण के लिए संचालित विभिन्न नीतियों, योजनाओं और छात्रवृत्तियों की जानकारी देते हुए बताया कि उच्च शिक्षा पूरी करने के बाद विद्यार्थियों के लिए विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अनेक अवसर उपलब्ध होते हैं। यदि छात्र अपनी रुचि और योग्यता के अनुसार दिशा का चयन करें तो वे अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं।
प्राचार्य डॉ. रीटा शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों को अपनी क्षमता, रुचि, योग्यता और व्यक्तित्व के अनुरूप सही कैरियर का चयन करना चाहिए। उन्होंने ऐसे कार्यक्रमों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार की कार्यशालाओं के आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर मुख्य शास्ता डॉ. संजीव कुमार जुयाल तथा डॉ. नंद किशोर चमोला ने कार्यक्रम में उपस्थित महाविद्यालय के समस्त कार्मिकों एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त करते हुए जीवन में अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रवीण मैठाणी ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!