क्षेत्रीय समाचार

श्रीगढ़ में पेयजल लाइन फटने से हड़कंप, घरों में घुसा पानी; पाइप हटाने की मांग पर अड़े ग्रामीण

 

पोखरी, 23 मार्च (राणा)। नगर पंचायत पोखरी सहित आसपास के गांवों को पेयजल आपूर्ति देने वाली करोड़ों रुपये की पोखरी पेयजल पुनर्गठन योजना की पाइपलाइन श्रीगढ़ गांव में फटने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। तेज दबाव के कारण पाइप फटने से पानी सीधे ग्रामीणों के घरों में घुस गया, जिससे लोगों में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार भुलकन-तुंगनाथ क्षेत्र से निगोमती नदी के स्रोत पर आधारित यह योजना वर्ष 2011 में करीब 20 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन के साथ तैयार की गई थी। यह पाइपलाइन पोखरी बाजार, नगर पंचायत क्षेत्र और आसपास के गांवों को नियमित पेयजल आपूर्ति करती है। रविवार शाम करीब 6:30 बजे श्रीगढ़ गांव में पाइपलाइन में अत्यधिक दबाव बनने से यह हादसा हुआ।

सूचना मिलते ही जल संस्थान के अवर अभियंता मनमोहन सिंह राणा ने तत्काल फिटर टीम को मौके पर भेजकर लाइन को डिस्कनेक्ट कराया, जिससे पानी का बहाव रोका जा सका। हालांकि, इसके चलते पोखरी बाजार, नगर पंचायत क्षेत्र और आसपास के गांवों में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई।
सोमवार को हालात का जायजा लेने जल संस्थान के अधीक्षण अभियंता सुशील कुमार सैनी, तहसीलदार जिनेन्द्र सिंह रावत, सहायक अभियंता जगदीश पंवार, अवर अभियंता मनमोहन सिंह राणा और नगर पंचायत अध्यक्ष सोहन लाल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को जोड़कर आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों ने इसका कड़ा विरोध किया।


ग्रामीणों का कहना है कि पाइपलाइन गांव के बीच से गुजरती है, जिससे भविष्य में भी इस तरह की घटनाओं का खतरा बना रहेगा। उनका स्पष्ट कहना है कि जब तक पाइपलाइन का एलाइनमेंट बदलकर इसे गांव से बाहर नहीं ले जाया जाता, तब तक मरम्मत कार्य नहीं होने दिया जाएगा।
दिनभर ग्रामीणों और अधिकारियों के बीच वार्ता चलती रही। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि शीघ्र सर्वे कर पाइपलाइन का एलाइनमेंट बदला जाएगा, लेकिन ग्रामीण तत्काल समाधान की मांग पर अड़े रहे। परिणामस्वरूप देर शाम तक पाइपलाइन की मरम्मत नहीं हो सकी और क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति बाधित रही।
मौके पर सभासद गिरीश किमोठी, राजस्व उपनिरीक्षक कुलदीप शाह, ग्राम प्रधान कल्पना देवी, महिला मंगल दल की रजनी देवी सहित संदीप बर्तवाल, सौरभ बर्तवाल, मदन सिंह, संतोष सिंह, चंदन भंडारी और करन सिंह समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।
तहसीलदार जिनेन्द्र सिंह रावत ने बताया कि ग्रामीणों के साथ वार्ता जारी है और देर शाम तक समाधान निकलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!