कुंभ मेला-2027: तैयारियों की समीक्षा, समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश
हरिद्वार, 23 मार्च। मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने कुंभ मेला-2027 की तैयारियों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्थाओं को सभी चल रहे कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कुंभ मेले के लिए प्रस्तावित अस्थायी व्यवस्थाओं से संबंधित कार्यों के आगणन शीघ्र प्रस्तुत करने को कहा और निर्देश दिया कि सभी आगणन तर्कसंगत, औचित्यपूर्ण तथा आवश्यकताओं के अनुरूप हों। साथ ही, वर्ष 2021 के कुंभ मेले की अवशेष सामग्री का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने और अनावश्यक दोहराव से बचने पर जोर दिया।
मेलाधिकारी ने बताया कि कार्यों की प्रगति की सघन समीक्षा के लिए प्रत्येक पखवाड़े में बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें कार्यदायी संस्थाओं के अधीक्षण अभियंता या अधिशासी अभियंता स्तर के अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।
उन्होंने विभागीय उच्चाधिकारियों को कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की निरंतर निगरानी करने के निर्देश दिए। अपर मेलाधिकारी एवं उप मेलाधिकारी को नियमित स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों का मूल्यांकन करते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत करने को भी कहा गया।
कार्यस्थलों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों के सुचारू संचालन, श्रमिकों की दैनिक उपस्थिति और कार्य प्रगति की नियमित रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। गुणवत्ता नियंत्रण के लिए निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा थर्ड पार्टी एजेंसियों से नियमित निरीक्षण कराने पर भी जोर दिया गया। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
सीसीआर-2 भवन के निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए दो पालियों में कार्य कराने के निर्देश देते हुए उन्होंने बड़ी अवस्थापना परियोजनाओं की प्रगति पर विशेष ध्यान देने और निर्धारित समयसीमा का पालन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, उप मेलाधिकारी आकाश जोशी, मनजीत सिंह गिल, टेक्निकल सेल के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुमार, अनुभव नौटियाल तथा पीआईयू के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुश सहित विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।
