क्षेत्रीय समाचार

आजादी के 79 साल बाद कान्डई चंद्रशिला गांव तक पहुंचा पहला वाहन, जश्न में झूमे ग्रामीण

— राजेश्वरी राणा —
पोखरी, 26 मार्च। विकास खंड पोखरी के अंतर्गत कान्डई चंद्रशिला ग्राम पंचायत में आजादी के 79 वर्ष बाद पहली बार सवारी वाहन पहुंचने पर पूरे गांव में उत्सव का माहौल बन गया। जैसे ही मैक्स, ब्रेजा सहित अन्य वाहन गांव तक पहुंचे, महिलाएं, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग खुशी से झूम उठे। ग्रामीणों ने एक-दूसरे को मिष्ठान खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया।
लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित चांदनीखाल–रडुवा–काणडई–रैसू मोटर मार्ग का निर्माण कार्य इन दिनों प्रगति पर है। सड़क काणडई चंद्रशिला तक पहुंचते ही पहली बार वाहनों की आवाजाही संभव हो सकी, जिससे वर्षों से बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क के अभाव में उन्हें रोजमर्रा की जरूरतों के लिए बाजार जाने या तहसील संबंधी कार्यों हेतु पोखरी पहुंचने के लिए करीब एक किलोमीटर की खड़ी चढ़ाई पार करनी पड़ती थी। सामान पीठ पर ढोकर घर तक लाना उनकी मजबूरी थी। आपात स्थिति में हालात और भी गंभीर हो जाते थे, जब बीमार बुजुर्गों, बच्चों और गर्भवती महिलाओं को चारपाई के सहारे अस्पताल ले जाना पड़ता था।

लंबे संघर्ष के बाद पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी की पहल पर स्वीकृत इस सड़क का निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग, पोखरी द्वारा कराया जा रहा है। सड़क बनने से अब काणडई चंद्रशिला ग्राम पंचायत सीधे सड़क मार्ग से जुड़ गई है, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में सहयोग देने के लिए रडुवा ग्राम पंचायत के लोगों तथा लोक निर्माण विभाग का आभार व्यक्त किया।


इस अवसर पर चांदनीखाल–रडुवा–काणडई–चंद्रशिला–रैसू सड़क निर्माण संघर्ष समिति के अध्यक्ष दिनेश रडवाल, कोषाध्यक्ष जगदीश नेगी, बीरेंद्र चौधरी, ग्राम प्रधान भगत भंडारी, पूर्व प्रधान नवीन राणा, समिति अध्यक्ष मदन सिंह भंडारी, उपाध्यक्ष रघुवीर सिंह नेगी, संरक्षक देवेंद्र सिंह नेगी, हर्षवर्धन राणा, पूरण सिंह राणा, कमल सिंह राणा, जगदीश प्रसाद किमोठी, संजय प्रसाद किमोठी, भूपेंद्र भंडारी, हेमराज सिंह राणा, मातबर सिंह भंडारी, विपिन किमोठी, बच्चन सिंह भंडारी, कुंवर सिंह भंडारी, अरविंद भंडारी, दिलबर राणा, प्रदीप राणा, मनमोहन सिंह राणा, अब्बल सिंह राणा, गजेंद्र राणा, बलवंत सिंह राणा सहित महिला मंगल दल की सदस्याएं और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!