धर्म/संस्कृति/ चारधाम यात्रा

राम नवमी पर नंदा सिद्धपीठ देवराड़ा में कन्या पूजन व भंडारे का आयोजन

थराली, 27 मार्च (हरेंद्र बिष्ट)। चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर नंदा सिद्धपीठ देवराड़ा-थराली में राम नवमी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान विशेष पूजा-अर्चना के साथ कन्याओं का पूजन किया गया। बड़ी संख्या में क्षेत्रीय श्रद्धालु श्री नंदादेवी राजराजेश्वरी मां भगवती के दर्शन के लिए सिद्धपीठ पहुंचे।

सिद्धपीठ श्री नंदादेवी राजराजेश्वरी मंदिर में राम नवमी के अवसर पर विशेष अनुष्ठान आयोजित किए गए। श्रद्धालुओं ने मां नंदादेवी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा यज्ञ-हवन कर विश्व कल्याण की कामना की। इस दौरान कन्या पूजन का कार्यक्रम भी संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के अंत में भंडारे का आयोजन कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन में मंदिर समिति के अध्यक्ष भुवन हटवाल, पंडित पारेश्वर प्रसाद देवराड़ी, गिरीश चंद्र, मोहन देवराड़ी, भगोत सिंह रावत, महिला मंगल दल अध्यक्ष गौरा देवी, माधवी देवी, माल दत्त मिश्रा, रणजीत सिंह रावत, हरीश चंद्र सती, पुष्कर सिंह गुसाईं, जयती पंत, जगदीश पुरोहित, सरपंच लाल सिंह गुसाईं, बख्तावर सिंह गुसाईं, हरीश गुसाईं सहित कई लोगों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!