Uncategorized

स्वच्छ पोखरी–सुंदर पोखरी थीम पर पेंटिंग प्रतियोगिता, छात्रों को किया जागरूक

पोखरी, 28 मार्च (राणा)। नगर पंचायत पोखरी द्वारा “स्वच्छ पोखरी–सुंदर पोखरी” थीम के अंतर्गत टैगोर इंटर कॉलेज पोखरी में जनजागरूकता अभियान चलाया गया। पर्यावरण पर्यवेक्षक अनुराग रावत के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम के तहत छात्र-छात्राओं के बीच पेंटिंग प्रतियोगिता कर उन्हें स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष सोहनलाल ने कहा कि अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है, ताकि वे स्वयं जागरूक बनकर अपने घरों और आसपास के लोगों को भी प्रेरित कर सकें। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से ही स्वच्छ और सुंदर पोखरी का निर्माण संभव है।

अधिशासी अधिकारी बीना नेगी ने बताया कि अभियान के तहत लोगों को जैविक और अजैविक कचरे को अलग-अलग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने अपील की कि कूड़ा खुले में न फेंककर नगर पंचायत की निर्धारित गाड़ी में ही डालें, जिससे स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।
पेंटिंग प्रतियोगिता के परिणामों में जूनियर वर्ग में कक्षा 8 की अनुज्ञा ने प्रथम, कक्षा 8 के अंशदीप ने द्वितीय तथा कक्षा 7 के आरव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सीनियर वर्ग में कक्षा 9 की कुमारी काजल प्रथम, कक्षा 11 की कुमारी आयशा द्वितीय और कक्षा 11 की दीपिका तृतीय स्थान पर रहीं।
विद्यालय के प्रबंधक अजय जोशी ने नगर पंचायत की इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे पोखरी बाजार सहित पूरे नगर क्षेत्र में स्वच्छता अभियान को गति मिलेगी। उन्होंने अभियान की सफलता के लिए जनसहभागिता को आवश्यक बताया।
इस अवसर पर कॉलेज के प्रधानाचार्य जयकृत रावत, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!