क्षेत्रीय समाचार

प्रधानाध्यापिका विछना रौथाण को भावभीनी विदाई, ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ दी सम्मानपूर्ण विदाई

पोखरी, 31 मार्च। विकास खंड पोखरी के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय काण्डई चन्द्रशिला की प्रधानाध्यापिका विछना रौथाण के सेवानिवृत्त होने पर ग्राम सभा के ग्रामीणों एवं विद्यालय परिवार की ओर से भव्य विदाई समारोह आयोजित किया गया।इस अवसर पर उन्हें फूल-मालाओं से लादकर ढोल-नगाड़ों के साथ भावभीनी विदाई दी गई। समारोह के बाद ग्रामीण उन्हें उनके आवास पोखरी तक छोड़ने भी गए।

ग्राम प्रधान भगत सिंह भण्डारी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र सिंह भण्डारी, सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापिका विछना रौथाण तथा अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा सरस्वती चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।


मुख्य अतिथि राजेन्द्र सिंह भण्डारी ने कहा कि सरकारी सेवा में प्रवेश और उससे सेवानिवृत्ति जीवन रूपी सिक्के के दो पहलू हैं। उन्होंने विछना रौथाण को सेवानिवृत्ति की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में वर्षों तक उत्कृष्ट सेवाएं देने के बाद अब वे जीवन की दूसरी पारी में समाज और परिवार को समय देंगी, जिससे लोग उनके अनुभवों का लाभ उठा सकेंगे।

विशिष्ट अतिथि उप शिक्षा अधिकारी नेहा भट्ट ने कहा कि विछना रौथाण एक अनुशासनप्रिय और कर्मठ अध्यापिका रही हैं, जिनकी कमी विभाग को सदैव खलेगी। जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संगठन के जिलाध्यक्ष उपेन्द्र सती ने भी उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी उनके अनुभव विभाग के लिए मार्गदर्शक बने रहेंगे।

राजकीय शिक्षक संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष ब्रह्मानंद किमोठी ने कहा कि उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है और आगे भी समाज सेवा में सक्रिय भूमिका निभाएंगी। प्राथमिक शिक्षक संगठन के जिला महामंत्री महिपाल चौहान ने कहा कि उनसे बहुत कुछ सीखने को मिला है और उनकी कमी पूरे विभाग को महसूस होगी।

इस अवसर पर भावुक होकर विछना रौथाण ने कहा कि अपने सेवाकाल के दौरान उन्हें ग्राम सभा के ग्रामीणों और विद्यालय परिवार से जो स्नेह, सहयोग और सम्मान मिला, उसे वे जीवनभर नहीं भूल पाएंगी।

कार्यक्रम में कौशलम के जिला समन्वयक तेजेन्द्र रावत, अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज रडुवा के प्रधानाचार्य संजय कोहली, प्राथमिक शिक्षक संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष ताजबर राणा, क्षेत्र पंचायत सदस्य चन्द्रकला देवी, महिला मंगल दल की अध्यक्ष रश्मि राणा सहित महिपाल चौहान, गिरीश किमोठी, विनोद सजवाण, देवेन्द्र सती, दिगपाल नेगी, प्रदीप नेगी, बृजेश रडवाल, रमा किमोठी, आरती बगवाल, जयंती असवाल, दिनेश रडवाल, मनमोहन परमार, सुमन लता सती, गिरीश सती, रेखा पटवाल राणा, लता कोहली, राजेश्वरी नेगी, बबीता भण्डारी, कुशमलता गढ़िया, पूजा चौधरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, बच्चे तथा शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं परिजन उपस्थित रहे।
समारोह का संचालन डॉ. बृजेंद्र कठैत द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!