पोखरी के उच्च प्राथमिक विद्यालय वल्ली खन्नी में वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन
पोखरी, 2 अप्रैल (राणा)। विकासखंड पोखरी के अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय वल्ली खन्नी में वार्षिकोत्सव का भव्य एवं आकर्षक आयोजन उत्साह और धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। साथ ही, नशा मुक्ति पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर समाज को जागरूक करने का प्रभावी संदेश भी दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र राणा एवं विशिष्ट अतिथि क्षेत्र पंचायत सदस्य कुलदीप राणा आजाद द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि वीरेंद्र राणा ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में सरकार द्वारा अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं और शिक्षकों के प्रयासों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित हो रही है।
उन्होंने कहा कि आज सरकारी विद्यालयों के छात्र धैर्य, अनुशासन और परिश्रम के बल पर जीवन में ऊंचे मुकाम हासिल कर रहे हैं।
विशिष्ट अतिथि कुलदीप राणा आजाद ने अपने संबोधन में कहा कि वार्षिकोत्सव केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि वर्षभर की शैक्षिक और सहशैक्षिक गतिविधियों के मूल्यांकन का महत्वपूर्ण अवसर होता है। उन्होंने कहा कि विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास का केंद्र है, जहां शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक, खेलकूद और नवाचार गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभाओं को निखारा जाता है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य ओम प्रकाश थपलियाल ने वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि विद्यालय निरंतर शैक्षिक गुणवत्ता और नवाचार की दिशा में अग्रसर है।
इस अवसर पर वल्ली के प्रधान देव लाल, खन्नी की प्रधान लता देवी, जूनियर शिक्षक ब्लॉक अध्यक्ष उपेंद्र सती, भाजपा मंडल अध्यक्ष अमर सिंह, प्राथमिक विद्यालय खन्नी की प्रधानाध्यापिका सुनीता थपलियाल, जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संगठन के जिलाध्यक्ष उपेंद्र सती, प्राथमिक शिक्षक संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष ताजबर राणा, विद्यालय प्रबंधन समिति के कुंवर सिंह राणा सहित अनेक गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया तथा सफल आयोजन के लिए विद्यालय परिवार की सराहना की गई।
