नया शैक्षिक सत्र शुरू : शिक्षा मंत्री बोले एक सप्ताह में सभी स्कूलों तक पहुंचेंगी पाठ्यपुस्तकें
देहरादून, 2 अप्रैल। उत्तराखंड के विद्यालयी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने नए शैक्षिक सत्र 2026-27 की शुरुआत को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि छात्रों को समय पर सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में बताया गया कि 1 अप्रैल से राज्य के सभी सरकारी एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में निःशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण कार्यक्रम शुरू कर दिया गया है। कुल 7,99,991 पुस्तकों के लक्ष्य के सापेक्ष पहले दिन 3,59,300 पुस्तकों का वितरण किया जा चुका है। शिक्षा मंत्री ने निर्देश दिए कि यह अभियान पूरे सप्ताह जारी रहे और शत-प्रतिशत पुस्तकों की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि 7 अप्रैल को प्रदेश के सभी विद्यालयों में “प्रवेशोत्सव” उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा। इसके तहत शिक्षक घर-घर जाकर अभिभावकों को प्रेरित करेंगे, ताकि अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सरकारी विद्यालयों में हो सके।
बैठक में 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर सभी स्कूलों में कार्यक्रम आयोजित कर संविधान के प्रति सम्मान और जागरूकता बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
शिक्षा मंत्री ने सभी जिलों और विकासखंडों से विद्यालयों में रिक्त पदों तथा मूलभूत सुविधाओं जैसे फर्नीचर, शौचालय, पेयजल और विद्युत व्यवस्था की स्थिति की एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारियों और खंड शिक्षा अधिकारियों को इन व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी।
इसके अलावा, पुस्तकालयों के लिए आवंटित बजट के तहत पुस्तकों की खरीद की समीक्षा करने, व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रमों को जारी रखने और शिक्षकों व कर्मचारियों की अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
निजी विद्यालयों में अनावश्यक शुल्क वृद्धि पर भी सरकार सख्त नजर रखेगी। इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने और शिकायतों के निस्तारण हेतु टोल-फ्री नंबर जारी करने के आदेश दिए गए हैं।
बैठक में विभागीय उच्च अधिकारी भी मौजूद रहे और सभी निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन का भरोसा दिलाया गया।
