Front Page

चारधाम यात्रा से पहले सड़कों के सुधारीकरण के निर्देश, डामटा बैरियर हटेगा

ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा भी होगी : प्रभारी मंत्री


उत्तरकाशी, 7 अप्रैल (सूचना)। आगामी चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर कैबिनेट एवं जिला प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने मंदिर समितियों, होटल एसोसिएशन, बस एवं टैक्सी यूनियनों के पदाधिकारियों तथा जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
गंगोत्री नेशनल हाईवे की समीक्षा के दौरान स्थानीय हितधारकों ने आपदा से क्षतिग्रस्त सड़क मार्गों—चढ़ेथी, लिमच्यागाड़ और गंगनानी—को शीघ्र दुरुस्त करने तथा पूरे मार्ग को गड्ढामुक्त बनाने की मांग रखी। इस पर कैबिनेट मंत्री ने बीआरओ को निर्देश देते हुए कहा कि यात्रा शुरू होने से पहले सड़क मार्ग का सुधारीकरण कार्य हर हाल में पूरा किया जाए।
होटल एसोसिएशन द्वारा यात्रियों की सीमित संख्या की बाध्यता हटाने की मांग पर कैबिनेट मंत्री ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने निर्देश दिए कि ऑनलाइन व्यवस्था के साथ-साथ ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में पुलिस बैरियर डामटा एवं कटॉपत्थर को हटाने की मांग भी उठी। इस पर कैबिनेट मंत्री ने डामटा बैरियर को हटाने के निर्देश एसपी को दिए तथा कटॉपत्थर बैरियर को भी हटाने का भरोसा दिया। वहीं होटल एसोसिएशन ने चारधाम यात्रा के दौरान स्पेशल पैकेज के तहत व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग रखी।
इसके अतिरिक्त चारधाम यात्रा मार्ग पर सुलभ शौचालयों की व्यवस्थाओं को लेकर कैबिनेट मंत्री ने निर्देश दिए कि शौचालयों में तैनात कर्मियों का सत्यापन कर तीन दिन के भीतर सूची जिला प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए। स्थानीय हितधारकों की मांग पर उन्होंने धार्मिक स्थलों पर मांस और मदिरा के उपयोग पर रोक सुनिश्चित करने तथा किसी की संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
इससे पूर्व पशुपालन, दुग्ध विकास, मत्स्य पालन, गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग, प्रोटोकॉल, कौशल विकास एवं सेवायोजन मंत्री सौरभ बहुगुणा ने मत्स्यपालकों को आइस बॉक्स वितरित किए। उन्होंने कहा कि ट्राउट मछली की कोल्ड चेन बनाए रखने के लिए यह पहल अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे मत्स्यपालकों को अपनी उपज सुरक्षित रखने में सहायता मिलेगी तथा वे आईटीबीपी और उत्तरकाशी क्षेत्र में ताज़ी मछली की नियमित आपूर्ति कर बेहतर आय अर्जित कर सकेंगे।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, डीएम प्रशांत आर्य, एसपी कमलेश उपाध्याय, सीडीओ जयभारत सिंह, विधायक सुरेश चौहान, यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल, दर्जा राज्य मंत्री प्रताप पंवार, जगत सिंह चौहान, रामसुंदर नौटियाल, जिलाध्यक्ष भाजपा नागेंद्र सिंह चौहान, प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा डॉ. स्वराज विद्वान, प्रदेश मीडिया प्रभारी भाजपा मनवीर चौहान, पूर्व विधायक केदार सिंह रावत, ब्लॉक प्रमुख राजदीप परमार, ममता पंवार, जिला पंचायत सदस्य दीपेंद्र कोहली, होटल एसोसिएशन अध्यक्ष शैलेन्द्र मटूड़ा सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा मंदिर समिति के पदाधिकारी तथा बस व टैक्सी यूनियन के प्रतिनिधि वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!