तपोवन–विष्णुप्रयाग परियोजना प्रभावितों का धरना स्थगित, रोजगार व मुआवजे का आश्वासन
ज्योतिर्मठ, 8 अप्रैल (कपरुवाण)। तपोवन–विष्णुप्रयाग जल विद्युत परियोजना को लेकर प्रभावितों का चल रहा धरना जिलाधिकारी गौरव कुमार द्वारा दिए गए आश्वासन के बाद स्थगित करने पर सहमति बन गई है।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसील प्रशासन, एनटीपीसी और परियोजना प्रभावित गांवों के जनप्रतिनिधियों की बैठक आयोजित हुई, जिसमें एनटीपीसी अधिकारियों ने प्रभावित ग्रामीणों को रोजगार देने तथा चारापत्ती के मुआवजे के संबंध में उच्चाधिकारियों से वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
बुधवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में जोशीमठ तहसील सभागार में तहसील प्रशासन, एनटीपीसी और परियोजना प्रभावित गांवों के जनप्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी के समक्ष विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने प्रभावितों की मांग के अनुरूप परियोजना कार्यों में स्थानीय युवाओं को उनकी क्षमता के अनुसार नियमानुसार रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
साथ ही उन्होंने चारापत्ती के मुआवजे के संबंध में शासन और भारत सरकार से वार्ता कर प्रकरण का समाधान कराने तथा एनटीपीसी अधिकारियों को कंपनी प्रबंधन से पत्राचार कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अन्य विषयों पर चर्चा के दौरान जनप्रतिनिधियों की ओर से सहमति प्रदान की गई, जिसके बाद धरना स्थगित करने पर सहमति बनी।
धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे प्रधान संगठन के अध्यक्ष मोहन लाल बजवाल ने कहा कि सीमांत ब्लॉक ज्योतिर्मठ में भारत सरकार के उपक्रम की दो अलग-अलग परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं। इनमें से एक परियोजना द्वारा प्रभावितों को चारापत्ती का मुआवजा दिया जा रहा है, जबकि दूसरी परियोजना की निर्मात्री एनटीपीसी द्वारा अभी तक यह मुआवजा नहीं दिया गया है। इस पर परियोजना प्रमुख ने 20 दिनों के भीतर इस संबंध में निर्णय लिए जाने का आश्वासन दिया।
बैठक में बीकेटीसी के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल, उप जिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ, एनटीपीसी के कार्यकारी निदेशक ए.के. शुक्ला, एजीएम (एचआर) सुगाता दास गुप्ता, उप महाप्रबंधक डी.एस. गर्बयाल, भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष प्रदीप फर्शवान, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य बलबीर सिंह बिष्ट, प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष मोहन लाल बजवाल, सभासद प्रवेश डिमरी, ग्राम प्रधान रोशना देवी, विनीता देवी, लक्ष्मी देवी, मिथलेश फर्स्वाण, क्षेत्र पंचायत सदस्य वर्षा देवी, विपुल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
