राजजात मार्ग पर हॉट मिक्स कार्य शुरू होते ही विवाद
सहायक अभियंताओं की अनुपस्थिति पर उठे सवाल
– हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली, 15 अप्रैल। पहली बार मां नंदा राजजात यात्रा के अंतर्गत थराली–देवाल–मंदोली–वांण मोटर सड़क पर हॉट मिक्स द्वारा सतह सुधार कार्य शुरू होते ही यह कार्य विवादों में घिरने लगा है। यह विवाद मुख्य रूप से लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) की कार्यप्रणाली को लेकर उठ रहा है।
दरअसल, मां नंदा देवी राजजात यात्रा को ध्यान में रखते हुए थराली–देवाल–मंदोली–वांण मोटर मार्ग (राज्य मार्ग संख्या-90) के 52.20 किलोमीटर लंबे मार्ग में से विभिन्न खंडों में करीब 22 किलोमीटर हिस्से पर हॉट मिक्स द्वारा सतह सुधार और सुदृढ़ीकरण का कार्य प्रस्तावित है। इस कार्य के लिए सरकार द्वारा 32 करोड़ 69 लाख 39 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। योजना के तहत सड़क की सतह सुधार के साथ-साथ स्कवर, क्रैश बैरियर, पुल, नालियां और सुरक्षा दीवारों सहित अन्य आवश्यक निर्माण कार्य भी किए जाने हैं।
सोमवार से ठेकेदार द्वारा किलोमीटर 7 से देवाल की ओर हॉट मिक्स का कार्य प्रारंभ कर दिया गया। कार्य शुरू होते ही उस समय विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब नियमानुसार हॉट मिक्स प्लांट और कार्यस्थल पर लोक निर्माण विभाग का कोई भी सहायक अभियंता मौजूद नहीं पाया गया। नियमों के अनुसार हॉट मिक्स प्लांट और निर्माण स्थल पर कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सहायक अभियंता की उपस्थिति अनिवार्य मानी जाती है। किंतु यहां बिना सहायक अभियंता की मौजूदगी के ही कार्य शुरू कर दिए जाने से गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
सहायक अभियंताओं की अनुपस्थिति बनी मुख्य कारण
वर्तमान स्थिति यह है कि लोक निर्माण विभाग थराली डिवीजन में इस समय एक भी सहायक अभियंता कार्यरत नहीं है। हालांकि यहां पर सरकार द्वारा तीन सहायक अभियंताओं की तैनाती की गई है, लेकिन तीनों ही अभियंता इन दिनों मेडिकल अवकाश पर बताए जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार डिवीजन के अधिशासी अभियंता के साथ विवाद के चलते कम से कम दो सहायक अभियंताओं ने मेडिकल अवकाश लिया है।
ऐसी स्थिति में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि जब डिवीजन में कोई सहायक अभियंता उपलब्ध नहीं है, तो फिर हॉट मिक्स कार्य किस प्रकार शुरू किया गया। साथ ही यह भी चर्चा का विषय बना हुआ है कि भविष्य में किए जा रहे इस कार्य का सत्यापन कौन-सा सहायक अभियंता करेगा और किस आधार पर यह प्रमाणित किया जाएगा कि कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ संपन्न हुआ है।
विशेषज्ञों का मानना है कि बिना तकनीकी अधिकारियों की निगरानी के किए जा रहे हॉट मिक्स कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। भविष्य में यदि सड़क की गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी पाई जाती है, तो उसकी जिम्मेदारी तय करना भी चुनौतीपूर्ण हो सकता है। ऐसी परिस्थितियों में कोई भी सहायक अभियंता बाद में इस कार्य की जिम्मेदारी अपने ऊपर लेना नहीं चाहेगा।
कुल मिलाकर, बिना सहायक अभियंताओं की उपस्थिति के शुरू किए गए इस हॉट मिक्स कार्य ने विभागीय व्यवस्था और निर्माण गुणवत्ता को लेकर कई प्रश्न खड़े कर दिए हैं, जिनका समाधान समय रहते किया जाना आवश्यक माना जा रहा है।
