क्राइम

हत्या मामले में गिरफ्तारी की मांग को लेकर भीम आर्मी ने किया थाना थराली का घेराव

थराली, 19 अप्रैल (हरेंद्र बिष्ट)। भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने नारायणबगड़ विकास खंड के अंतर्गत कोठली गांव में एक व्यक्ति की कथित हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाना थराली का घेराव किया। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
रविवार को भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष अमरीश कपिल के नेतृत्व में संगठन के सदस्य थाना थराली पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में थाना थराली में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। भीम आर्मी के सदस्यों का कहना है कि घटना को दो महीने बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को बैठाकर वार्ता की और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।
गौरतलब है कि नारायणबगड़ विकास खंड के अंतर्गत कोठली गांव निवासी 44 वर्षीय रामलाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। परिजनों ने इस मामले में हत्या का आरोप लगाते हुए थाना थराली में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने गांव के कुछ लोगों से पूछताछ कर बयान भी दर्ज किए हैं, लेकिन अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
बताया जा रहा है कि 9 फरवरी की रात रामलाल एक बारात में बैंड बजाने गए थे। लौटते समय वह रास्ते में लहूलुहान और बेहोशी की हालत में मिले। सूचना मिलने पर परिजन उन्हें उपचार के लिए कर्णप्रयाग ले गए, जहां से चिकित्सकों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि यह एक सुनियोजित हत्याकांड है, किंतु अब तक दोषियों की गिरफ्तारी न हो पाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न खड़ा कर रहा है। भीम आर्मी ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस अवसर पर भीम आर्मी के जिला सचिव जितेश जाटव, गढ़वाल प्रभारी बादल, मोर्चा कमेटी के अध्यक्ष सूरज, प्रदीप कुमार रोडियाल, सुरेश म्याल, गोविंदर राम, मोटी, सुनीता देवी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस संबंध में थराली थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है, लेकिन अब तक ठोस साक्ष्य नहीं मिल पाए हैं। उन्होंने कहा कि संदेहास्पद लोगों के नार्को टेस्ट की प्रक्रिया शुरू की जा रही है और मामले को पूरी गंभीरता से लिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!