Front Page

कुंभ मेला-2027 की तैयारियां तेज : अवस्थापना से जुड़े तीन दर्जन कार्य प्रगति पर

* सभी कार्य तय समय में गुणवत्ता के साथ पूरे करने पर जोर, मेलाधिकारी स्वयं कर रहीं निगरानी

* सीसीआर-2 भवन निर्माण कार्य का मेलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण

हरिद्वार, 20 अप्रैल .कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मेला क्षेत्र में अवस्थापना से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य तेज गति से जारी हैं। इन कार्यों को आगामी अक्टूबर माह तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका स्वयं ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर इन कार्यों की प्रगति की लगातार निगरानी कर रही हैं। सभी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने के लिए ऑनलाइन मॉनिटरिंग के साथ-साथ अधिकारियों की टीमों द्वारा नियमित स्थलीय निरीक्षण भी किया जा रहा है।

निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा के क्रम में मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने सोमवार को सीसीआर-2 भवन के निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। यह भवन कुंभ मेला के कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के संचालन के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं और उपकरणों से सुसज्जित किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य तय समयसीमा के अनुसार पूरा किया जाए तथा कार्य की गति में तेजी लाई जाए।

उन्होंने कहा कि स्नान पर्वों और सप्ताहांत के दौरान क्षेत्र में बढ़ने वाली भीड़ के कारण वाहनों के आवागमन पर संभावित प्रतिबंध से निर्माण कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए पहले से पर्याप्त मात्रा में निर्माण सामग्री का भंडारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।

मेलाधिकारी ने भवन की नींव के निर्माण का बारीकी से निरीक्षण करते हुए कहा कि शीर्ष तल पर प्रस्तावित हेलीपैड सुविधा वाले इस भवन के निर्माण में निर्धारित गुणवत्ता एवं तकनीकी मानकों का सख्ती से पालन किया जाए। उन्होंने कार्यदायी संस्था उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे कार्यस्थल पर नियमित रूप से मौजूद रहकर निर्माण कार्य की निगरानी करें तथा निर्माण सामग्री की गुणवत्ता का नियमानुसार परीक्षण कराते रहें।

मेलाधिकारी ने बताया कि कुंभ मेला-2027 में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगमता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मेला क्षेत्र में अवस्थापना सुविधाओं के विकास और विस्तार से संबंधित लगभग तीन दर्जन योजनाओं पर कार्य चल रहा है। इन सभी योजनाओं को पूरा करने के लिए 31 अक्टूबर की समयसीमा निर्धारित की गई है।

उन्होंने आगामी कुंभ मेला को दिव्य और भव्य बनाने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता या गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर इसे गंभीरता से लिया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी श्री दयानंद सरस्वती, उप मेलाधिकारी श्री मंजीत सिंह गिल के साथ मेला प्रशासन, तकनीकी सेल तथा कार्यदायी संस्था उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!