Front Pageधर्म/संस्कृति/ चारधाम यात्रा

बैकुंठ धाम बद्रीनाथ के कपाट खुले, सम्पूर्ण चारधाम यात्रा शुरू

बद्रीनाथ धाम, 23 अप्रैल (कपरुवाण/महिपाल)।हिमालय की गोद में स्थित विश्व प्रसिद्ध तीर्थस्थल  बद्रीनाथ धाम के कपाट आज गुरुवार प्रातः 05:15 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और ‘जय बद्रीविशाल’ के गगनभेदी उद्घोष के बीच श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इसी के साथ चारधाम यात्रा के प्रमुख पड़ाव बद्रीनाथ धाम की ग्रीष्मकालीन यात्रा विधिवत शुरू हो गई। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सपत्निक  इस अवसर पर मौजूद रहे।

कपाट खुलने के ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने के लिए देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु मंदिर परिसर में तड़के ही पहुंच गए थे। कड़ाके की ठंड  के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ और पूरे बद्रीपुरी क्षेत्र में भक्ति और उल्लास का वातावरण बना रहा।


वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुई विशेष पूजा
कपाट खुलने की निर्धारित बेला पर मंदिर के मुख्य पुजारी (रावल) ईश्वरी प्रसाद नंबूदिरी ने विधि-विधान के साथ मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश किया। उन्होंने भगवान बद्रीविशाल का विशेष अभिषेक और पूजन संपन्न कराया।
इस दौरान मंदिर परिसर वैदिक मंत्रों की गूंज और शंखध्वनि से गुंजायमान रहा। कपाट खुलते ही सबसे पहले मंदिर के गर्भगृह में स्थापित भगवान बद्रीविशाल के दिव्य स्वरूप के दर्शन कराए गए, जिसके बाद श्रद्धालुओं के लिए दर्शन प्रारंभ कर दिए गए।
अखंड ज्योति के दर्शन बने आस्था का केंद्र
कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं को उस पवित्र अखंड ज्योति के दर्शन हुए, जो शीतकालीन अवकाश के दौरान पिछले लगभग छह महीनों से मंदिर के कपाट बंद रहने के बावजूद निरंतर जलती रही।
अखंड ज्योति के दर्शन को अत्यंत शुभ और मंगलकारी माना जाता है। श्रद्धालुओं ने इसे भगवान बद्रीविशाल की दिव्य उपस्थिति का प्रतीक मानते हुए श्रद्धा और भक्ति के साथ दर्शन किए।
हजारों श्रद्धालुओं की रही ऐतिहासिक उपस्थिति
कपाट खुलने के इस ऐतिहासिक अवसर पर माणा एवं बामणी गांव की महिलाओं ने पारंपरिक जागरों के साथ मंदिर प्रांगण में झुमैलो नृत्य प्रस्तुत किया, जिससे संपूर्ण वातावरण लोक संस्कृति और आस्था के रंग में रंग गया। वहीं देश के विभिन्न हिस्सों से आए श्रद्धालुओं ने भी भजन-कीर्तन कर अपनी श्रद्धा अर्पित की।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने धाम में संचालित भंडारे का रिबन काटकर शुभारंभ किया तथा श्रद्धालुओं के साथ प्रसाद ग्रहण किया। उन्होंने भंडारा संचालकों से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और मानव सेवा ईश्वर सेवा उत्थान समिति द्वारा संचालित विशाल भंडारे की सराहना की।

इस अवसर पर जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, बीकेटीसी के सीईओ विशाल मिश्रा, उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, रावल अमरनाथ नंबूदरी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी गिरीश चौहान, मंदिर अधिकारी राजेंद्र चौहान, नायब रावल सूर्यराग नंबूदरी, धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल, वेदपाठी रविंद्र भट्ट, आचार्य वाणी विलास डिमरी, डिमरी धार्मिक पंचायत के उपाध्यक्ष भाष्कर डिमरी, सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
सेना के बैंड और लोक वाद्यों से गूंजा बद्रीपुरी
कपाट खुलने के अवसर पर भारतीय सेना के बैंड की भक्तिमय धुनों ने वातावरण को और अधिक आध्यात्मिक बना दिया। सैन्य बैंड के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों द्वारा पारंपरिक लोक वाद्यों की प्रस्तुति ने पूरे बद्रीश पुरी को भक्ति और उल्लास से भर दिया।
ढोल-दमाऊं और अन्य पारंपरिक वाद्यों की गूंज के बीच श्रद्धालु ‘जय बद्रीविशाल’ के जयकारे लगाते रहे, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया।
यात्रा सीजन के लिए तैयारियां पूरी
कपाट खुलने से पूर्व जिला प्रशासन, पुलिस और मंदिर समिति द्वारा यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई थीं। यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, चिकित्सा सेवाओं और यातायात नियंत्रण के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।
यात्रा सीजन के दौरान प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं के बद्रीनाथ धाम पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का दावा किया है।
पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ ही स्थानीय व्यापारियों, होटल व्यवसायियों और परिवहन से जुड़े लोगों में उत्साह देखा जा रहा है। हर वर्ष की तरह इस बार भी चारधाम यात्रा से क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को बड़ा सहारा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
चारधाम यात्रा के प्रमुख केंद्र के रूप में बद्रीनाथ धाम का विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है, जहां हर वर्ष लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। (चित्र : प्रकाश कपरूवाण) 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!