चारधाम यात्रा को लेकर यातायात व्यवस्था सख्ती से लागू करने के निर्देश
गौचर, 24 अप्रैल (गुसाईं)। चारधाम यात्रा को सकुशल, सुगम एवं व्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस क्षेत्राधिकारी के निर्देशन में आयोजित बैठक में यातायात व्यवस्था को सख्ती से लागू करने का निर्णय लिया गया।
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक थाना कर्णप्रयाग विनोद थपलियाल की अध्यक्षता में मंगलवार को स्थानीय व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों एवं टैक्सी यूनियन से जुड़े लोगों के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न सुझाव भी लिए गए।
बैठक के दौरान यातायात व्यवस्था, पार्किंग, अतिक्रमण तथा भीड़ प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रा अवधि में बाजार क्षेत्रों में सुचारू आवागमन बनाए रखने के लिए सभी का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सभी चौपहिया एवं दुपहिया वाहन मुख्य बाजार में खड़े नहीं किए जाएंगे। यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर चालानी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में यात्रा के दौरान आने वाली संभावित चुनौतियों पर चर्चा की गई। साथ ही होटल संचालकों को निर्देशित किया गया कि वे अपने यहां ठहरने वाले यात्रियों का अनिवार्य रूप से पंजीकरण करें तथा निर्धारित दरों का ही पालन करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश भी दिए गए।
थाना प्रभारी कर्णप्रयाग विनोद थपलियाल ने सभी से श्रद्धालुओं के साथ विनम्र एवं मधुर व्यवहार करने की अपील की। इसके साथ ही यात्रा के दौरान साफ-सफाई बनाए रखने तथा सभी से यातायात नियमों का पालन करने का आग्रह किया गया।
इस अवसर पर व्यापार संघ अध्यक्ष राकेश लिंगवाल, अर्जुन अवार्डी सुरेंद्र कनवासी सहित अन्य उपस्थित लोगों ने भी अपने विचार व्यक्त किए
