धर्म/संस्कृति/ चारधाम यात्रा

लाटू देवता के कपाट खुले, दो दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का भव्य आगाज

हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-

थराली/देवाल, 1 मई। बैसाख पूर्णिमा के पावन अवसर पर वांण स्थित श्री नंदादेवी के मुंहबोले भाई लाटू देवता के कपाट विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में नंदा और लाटू भक्तों ने मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और मनौतियां मांगीं। खास बात यह रही कि पहली बार आयोजित दो दिवसीय “लाटू देवता जागृति पर्यटन एवं सांस्कृतिक महोत्सव” का भी रंगारंग शुभारंभ हुआ।

हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी बैसाख पूर्णिमा पर दोपहर 2:10 बजे कपाट आगामी छह माह के लिए खोले गए। शुक्रवार प्रातः से ही पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो गए थे। मंदिर परिसर में गिरौर हुक्म सिंह के नेतृत्व में नंदादेवी और लाटू देवता के पारंपरिक झोड़े लगाए गए। झोड़ों के दौरान नंदा भगवती, लाटू देवता सहित अन्य देवी-देवताओं के पश्वा अवतरित हुए, जिन्होंने नृत्य करते हुए श्रद्धालुओं को जौ, चावल, फल-फूल आशीर्वाद स्वरूप वितरित किए।

 

इसके बाद पुजारी दिवान सिंह ने परंपरा के अनुसार आंखों और मुंह पर कपड़ा बांधकर गर्भगृह के कपाट खोले, पूजा-अर्चना संपन्न की और पुनः गर्भगृह को बंद कर दिया। बाहरी कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन और पूजा के लिए खोल दिए गए।

कपाटोद्घाटन समारोह में नैनीताल हाईकोर्ट के न्यायाधीश सुभाष उपाध्याय, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, राज्य मंत्री बलवीर घुनियाल, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत बिष्ट, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रजनी भंडारी, देवाल प्रमुख तेजपाल रावत, कनिष्ठ प्रमुख पिंकी देवी, नारायणबगड़ प्रमुख गणेश चंदोला, जिला पंचायत सदस्य उर्मिला बिष्ट, बलवीर राम सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कपाटोद्घाटन के साथ ही दो दिवसीय “लाटू देवता जागृति पर्यटन एवं सांस्कृतिक महोत्सव” का भी शुभारंभ हुआ। महोत्सव का उद्घाटन थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन लोक संस्कृति के संरक्षण और पर्यटन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने महोत्सव को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत बिष्ट, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रजनी भंडारी और देवाल प्रमुख तेजपाल रावत ने भी आयोजन की सराहना करते हुए सहयोग का भरोसा दिलाया।

महोत्सव के दौरान स्थानीय महिला मंगल दलों ने झोड़ा, चांचरी और अन्य लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। मेला समिति के अध्यक्ष कृष्णा बिष्ट, संरक्षक कृष्णा बिष्ट, ग्राम प्रधान नंदूली देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य हेमा देवी, उप प्रधान बीना देवी, महिला मंगल दल अध्यक्ष नंदी देवी, सीमा पहाड़न सहित अनेक स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने अतिथियों का स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!