शनिवार को आपके फोन में आएगा अलर्ट, बजेगी घंटी घबराएं नहीं, यह केवल परीक्षण है
देहरादून, 1 मई । शनिवार 02 मई को राज्य में सेल ब्रॉडकास्टिंग सिस्टम के माध्यम से एक परीक्षण अलर्ट जारी किया जाएगा। इस परीक्षण का उद्देश्य राज्य में स्थापित आपातकालीन सूचना प्रसारण प्रणाली की कार्यक्षमता का मूल्यांकन करना तथा यह सुनिश्चित करना है कि आपदा की स्थिति में चेतावनी संदेश समयबद्ध और व्यापक रूप से प्रसारित हो सकें। उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस अलर्ट को केवल परीक्षण के रूप में ही लें और किसी प्रकार की घबराहट न करें।
सचिव, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन ने बताया कि उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, देहरादून द्वारा राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (भारत सरकार) के सहयोग से राज्य में आपदा पूर्व चेतावनी प्रणाली को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य मौसम पूर्वानुमान एवं आपदा संबंधी सूचनाओं को आमजन तक समय पर और प्रभावी ढंग से पहुंचाना है, ताकि संभावित आपदाओं के प्रति लोगों को पहले से सचेत किया जा सके और जन-धन की हानि को कम किया जा सके।
यह परीक्षण विभिन्न मोबाइल नेटवर्क सेवा प्रदाताओं के माध्यम से राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों में किया जाएगा। इसके जरिए यह आकलन किया जाएगा कि अलर्ट संदेशों का प्रसारण कितनी प्रभावशीलता से हो रहा है और किन क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है। साथ ही, विभिन्न परिस्थितियों में संदेशों की त्वरितता और सटीकता का भी परीक्षण किया जाएगा।
इस पूरी प्रक्रिया का उद्देश्य भविष्य में किसी भी आपदा की स्थिति में नागरिकों को समय रहते सचेत करना है, ताकि वे आवश्यक सावधानियां बरत सकें। इसके अतिरिक्त, इस प्रणाली के माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों में प्रशासन और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सकेगा।
भविष्य में यदि किसी आपदा की वास्तविक आशंका होती है, तो इसी प्रणाली के माध्यम से वास्तविक अलर्ट जारी किया जाएगा। ऐसे अलर्ट को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना आवश्यक होगा। इससे समय रहते चेतावनी प्राप्त कर हम स्वयं, अपने परिजनों और अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकेंगे। राज्य में समय-समय पर इस प्रणाली के प्रति जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग इससे परिचित हो सकें। यह संयुक्त प्रयास राज्य को आपदाओं के प्रति अधिक सजग, सुरक्षित और सक्षम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
यह संदेश प्राप्त होगा:
देहरादून। भारत सरकार द्वारा स्वदेशी तकनीक का उपयोग करते हुए नागरिकों के लिए त्वरित आपदा चेतावनी सेवा हेतु सेल ब्रॉडकास्ट प्रणाली की शुरुआत की जा रही है।
सतर्क नागरिक, सुरक्षित राष्ट्र।
इस संदेश की प्राप्ति पर जनता से किसी प्रकार की कोई कार्रवाई अपेक्षित नहीं है।
यह एक परीक्षण संदेश है।
— गृह मंत्रालय
