Front Page

भगवान बदरी विशाल के दर पहुंचे राज्यपाल गुरमीत सिंह

मास्टर प्लान के कार्यों का निरीक्षण कर जताया संतोष

बद्रीनाथ, 9 मई (गुसाईं)। बद्रीनाथ धाम में शनिवार को उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। राज्यपाल ने धाम में चल रहे मास्टर प्लान के कार्यों और यात्रा व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।

निर्धारित कार्यक्रम के तहत राज्यपाल हेलीकॉप्टर से बदरीनाथ धाम पहुंचे, जहां मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे मंदिर पहुंचे, जहां बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती और मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने उनका अभिनंदन किया।

राज्यपाल ने मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर मंदिर के रावल अमरनाथ नंबूदरी से भेंट की। उन्होंने मंदिर परिसर में तीर्थयात्रियों से बातचीत कर यात्रा व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।

इस दौरान राज्यपाल ने रिवर फ्रंट एवं मंदिर परिसर में मास्टर प्लान के तहत चल रहे निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न हितधारकों से सुझाव लेकर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। मास्टर प्लान के कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने प्रशासन, स्थानीय लोगों और संबंधित विभागों के सहयोग की सराहना की।

राज्यपाल ने चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए तीर्थयात्रियों के अनुशासन को भी अनुकरणीय बताया। उन्होंने श्रद्धालुओं से भक्ति भाव और अनुशासन के साथ यात्रा करने तथा व्यवस्थाओं में सहयोग देने की अपील की। साथ ही यात्रियों से स्थानीय उत्पादों को यात्रा की स्मृति के रूप में खरीदकर स्थानीय अर्थव्यवस्था को सहयोग देने का आह्वान भी किया।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी ज्योतिर्मठ चंद्रशेखर वशिष्ठ, यात्रा मजिस्ट्रेट रविन्द्र जुवांठा, उपजिलाधिकारी चमोली राजकुमार पांडे, पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट, एडिशनल एसपी होशियार सिंह, अधिशासी अधिकारी सुनील पुरोहित, थानाध्यक्ष नवनीत भंडारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!