सड़क समरेखण को लेकर तमुण्डी के ग्रामीणों में आक्रोश
महिलाओं ने तहसील पहुंचकर किया प्रदर्शन, जंगल-खेत और चारागाह बचाने की उठाई मांग

पोखरी, 12 मई (राणा)। विकासखंड पोखरी के अंतर्गत चोपड़ा से नालडूंगा तक प्रस्तावित सड़क निर्माण को लेकर विवाद गहराने लगा है। सड़क के समरेखण को लेकर तमुण्डी ग्राम पंचायत के चोपड़ा तोक के ग्रामीणों में भारी नाराजगी व्याप्त है। मंगलवार को बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण तहसील परिसर पहुंचे तथा लोक निर्माण विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर तहसीलदार के माध्यम से उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों का कहना है कि शासन से स्वीकृत पांच किलोमीटर सड़क का समरेखण लोक निर्माण विभाग पोखरी द्वारा ऐसे क्षेत्र से किया जा रहा है, जिससे गांव के जंगल, कृषि भूमि और चारागाह को भारी नुकसान पहुंचेगा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क को कम नुकसान वाले सीधे मार्ग से ले जाने के बजाय अनावश्यक रूप से खेतों और जंगलों के बीच से घुमाया जा रहा है।
महिलाओं ने कहा कि यदि वर्तमान समरेखण के अनुसार सड़क निर्माण किया गया तो बड़ी संख्या में बहुमूल्य पेड़ों का कटान होगा। इससे खेती, पशुपालन और पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के अधिकांश परिवार कृषि और पशुपालन पर निर्भर हैं तथा चारागाह प्रभावित होने से पशुओं के लिए चारे का संकट खड़ा हो सकता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क के समरेखण में तत्काल परिवर्तन कर ऐसा वैकल्पिक मार्ग निर्धारित करने की मांग की है, जिससे जंगल, खेत और चारागाह सुरक्षित रह सकें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों की अनदेखी की गई तो ग्रामीण उग्र आंदोलन और धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में माहेश्वरी देवी, सुलोचना देवी, बीना देवी, रीना देवी, दमयंती देवी, गुड्डी देवी, लीला देवी, सुनदेई देवी, देवेश्वरी देवी और मधुसूदन चौधरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
तहसीलदार जिनेंद्र सिंह रावत ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा सौंपा गया ज्ञापन अग्रिम कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को भेज दिया गया है।
