बेमौसम बारिश से बढ़ी काश्तकारों की चिंता, गेहूं-जौ की फसल पर मंडराया संकट
पोखरी, 12 मई (राणा)। क्षेत्र में मौसम का मिजाज अचानक बदलने से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं काश्तकारों की चिंताएं बढ़ गई हैं। पिछले कुछ दिनों से दोपहर बाद हो रही तेज बारिश और बादलों की आवाजाही से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। ऊंचाई वाले इलाकों में ठंडक भी बढ़ने लगी है।
इन दिनों क्षेत्र में गेहूं और जौ की फसल की कटाई का कार्य चरम पर है। अधिकांश काश्तकार किसी तरह फसल काटकर घरों तक तो ले आए हैं, लेकिन लगातार हो रही बारिश के कारण मढ़ाई का कार्य प्रभावित हो गया है। खेतों और खलिहानों में रखी फसल में सीलन आने लगी है, जिससे फसल खराब होने का खतरा बढ़ गया है।
किसानों का कहना है कि यदि मौसम जल्द साफ नहीं हुआ तो मेहनत से तैयार की गई फसल को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। पर्याप्त धूप नहीं मिलने से अनाज ठीक तरह से सूख नहीं पा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में कई किसानों ने फसल को तिरपाल से ढककर सुरक्षित रखने का प्रयास किया है, लेकिन लगातार बदलते मौसम ने उनकी चिंता और बढ़ा दी है।
