क्षेत्रीय समाचार

श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय की परीक्षाएं शांतिपूर्ण वातावरण में शुरू

नरेंद्रनगर, 12 मई। धर्मानंद उनियाल राजकीय महाविद्यालय नरेंद्रनगर में श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय की सेमेस्टर परीक्षाएं मंगलवार से सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में प्रारंभ हो गईं। महाविद्यालय प्रशासन द्वारा परीक्षा संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
महाविद्यालय की परीक्षा केंद्राध्यक्ष प्रो. प्रणिता नंद ने बताया कि परीक्षाओं के सुचारु संचालन के लिए अनुशासन, पारदर्शिता और निष्पक्षता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों को बेहतर परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सभी व्यवस्थाएं समयपूर्व पूरी कर ली गई थीं।
परीक्षा प्रभारी डॉ. राजपाल रावत ने जानकारी दी कि प्रथम दिवस पर एम.कॉम. चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा संपन्न हुई, जिसमें परीक्षार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
इस अवसर पर परीक्षा समिति के सदस्य सुश्री नताशा, डॉ. आराधना सक्सेना, डॉ. रंजीता जौहरी, डॉ. जितेंद्र नौटियाल, डॉ. मनोज फोंदनी, डॉ. के.के. बिष्ट, शिशुपाल, रमेश पुंडीर एवं अनूप नेगी ने परीक्षा के सफल संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई।
महाविद्यालय प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए परीक्षा अवधि में अनुशासन बनाए रखने और विश्वविद्यालय के नियमों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!