Front Page

सीडीएस जनरल अनिल चौहान ने किया हिलमेल का डिजिटल चैनल लॉन्च

देहरादून, 17 मई । के जेएसआर होटल में हिलमेल का डिजिटल चैनल लॉच किया गया। इस अवसर पर सीडीएस जनरल ​अनिल चौहान वर्चुअल माध्यम से जुडे। जबकि उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री डॉ धन सिंह रावत और सुबोध उनियाल ने इस कार्यक्रम में भाग लिया।

उत्तराखंड की सामाजिक, सांस्कृतिक और जनसरोकारों से जुड़ी आवाज़ को पिछले एक दशक से मजबूती देने वाले हिलमेल ने अपने 10 वर्ष पूरे होने पर डिजिटल चैनल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर देश के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) अनिल चौहान ने वर्चुअल रूप से कार्यक्रम का उद्घाटन किया और हिलमेल की इस नई डिजिटल पहल को जन-जन की आवाज़ को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

अपने संबोधन में सीडीएस जनरल अनिल चौहान ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में हिलमेल ने आम लोगों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का कार्य किया है। पहाड़ के गांवों से लेकर दूरस्थ क्षेत्रों तक जनता की समस्याओं, संस्कृति, युवाओं और सामाजिक सरोकारों को मंच देने में हिलमेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि अब डिजिटल माध्यम से यह आवाज़ और अधिक मजबूत होगी तथा समाज के हर वर्ग तक तेजी से पहुंचेगी।

उन्होंने कहा कि मीडिया केवल खबरों का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और सकारात्मक बदलाव लाने की शक्ति भी है। हिलमेल ने बीते वर्षों में जिस निष्पक्षता और समर्पण के साथ कार्य किया है, वह सराहनीय है। डिजिटल चैनल के माध्यम से अब उत्तराखंड ही नहीं बल्कि देश-विदेश में बसे उत्तराखंड के लोग भी अपनी मिट्टी और मुद्दों से जुड़े रह पाएंगे।

कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने भी हिलमेल टीम को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हिलमेल ने हमेशा जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता दी है और समाज के हर वर्ग की आवाज़ को मंच देने का कार्य किया है। डिजिटल चैनल के लॉन्च होने से प्रदेश के विकास, संस्कृति और युवाओं की प्रतिभाओं को नई पहचान मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह मंच भविष्य में और अधिक प्रभावी भूमिका निभाएगा।

वहीं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने भी हिलमेल को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मीडिया का उद्देश्य समाज की वास्तविक तस्वीर को सामने लाना होता है और हिलमेल ने इस जिम्मेदारी को बखूबी निभाया है। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में विश्वसनीय पत्रकारिता की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है और हिलमेल का यह कदम निश्चित रूप से लोगों के विश्वास को और मजबूत करेगा।

इस अवसर पर पूर्व एयर चीफ मार्शल आर.के.एस.भदौरिया ने भी अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें बेहद खुशी है कि हिलमेल ने अपने 10 वर्ष सफलतापूर्वक पूरे किए हैं और अब डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में नई शुरुआत कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि टीम के निरंतर परिश्रम, समर्पण और सकारात्मक सोच का परिणाम है।

एयर चीफ मार्शल आरकेएस भदौरिया ने कहा कि किसी भी संस्था के लिए एक दशक तक लगातार जनता के बीच अपनी विश्वसनीयता बनाए रखना आसान नहीं होता, लेकिन हिलमेल ने यह साबित किया है कि ईमानदार पत्रकारिता और जनसरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता से बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में हिलमेल नई ऊंचाइयों को छुएगा और समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बनेगा।

कार्यक्रम के दौरान कई गणमान्य लोगों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और मीडिया जगत से जुड़े व्यक्तियों ने भी हिलमेल की इस नई पहल का स्वागत किया और इसे उत्तराखंड की आवाज़ को वैश्विक मंच तक पहुंचाने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।

कार्यक्रम के समापन पर हिलमेल की सीईओ चेतना नेगी ने सभी लोगों का धन्यवाद किया और उन्होंने आशा व्यक्त की कि जैसा सहयोग हिलमेल को पिछले 10 साल से मिल रहा है वैसा ही सहयोग हिलमेल के ​डिजिटल चैनल को भी मिलता रहेगा।

इस अवसर पर हिलमेल द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाले कई लोगों को शॉल और ‘हिलरत्न’ देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा, कई लोगों को दीर्घायु ऑर्गेनिक हिमालय के उत्पाद भी भेंट किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!