आपदा/दुर्घटना

दयारा बुग्याल में लापता महिला ट्रैकर की तलाश तेज, संयुक्त टीमें चला रहीं सघन खोज अभियान

 

उत्तरकाशी, 4 जून। जनपद के भटवाड़ी तहसील अंतर्गत दयारा बुग्याल ट्रैक क्षेत्र से लापता हुई महिला ट्रैकर की तलाश के लिए जिला प्रशासन द्वारा युद्ध स्तर पर व्यापक खोज एवं बचाव अभियान संचालित किया जा रहा है।

 

कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और घने जंगलों के बावजूद विभिन्न विभागों की संयुक्त टीमें लगातार क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान में जुटी हुई हैं।
प्रशासन के अनुसार रेस्क्यू अभियान में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस, राजस्व विभाग, वन विभाग तथा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की त्वरित प्रतिक्रिया टीम (क्यूआरटी) संयुक्त रूप से कार्य कर रही हैं। सभी टीमें संभावित ट्रैक मार्गों, जंगलों, खाइयों और दुर्गम क्षेत्रों में चप्पे-चप्पे की बारीकी से तलाश कर रही हैं।

महिला ट्रैकर का शीघ्र पता लगाने के उद्देश्य से डॉग स्क्वायड की भी सहायता ली जा रही है। खोज अभियान के दौरान प्रत्येक संभावित सुराग और मार्ग की गहनता से जांच की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि मामले के हर पहलू पर गंभीरता से विचार करते हुए खोज कार्य को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है।
रेस्क्यू अभियान में शामिल टीमों को मौसम और दुर्गम भूभाग जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, फिर भी सभी दल पूरी मुस्तैदी और समर्पण के साथ अभियान में लगे हुए हैं। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा लगातार अभियान की निगरानी की जा रही है तथा जमीनी स्तर पर तैनात टीमों से नियमित रूप से जानकारी प्राप्त की जा रही है।
जिला प्रशासन ने विश्वास जताया है कि संयुक्त प्रयासों और आधुनिक संसाधनों की सहायता से लापता महिला ट्रैकर का जल्द पता लगाने में सफलता मिलेगी। प्रशासन ने स्थानीय लोगों और ट्रैकिंग क्षेत्र में मौजूद अन्य व्यक्तियों से भी किसी प्रकार की सूचना मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को अवगत कराने की अपील की है।
चित्र : दयारा बुग्याल क्षेत्र में लापता महिला ट्रैकर की तलाश में जुटी बचाव टीम।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!