Front Page

नीट (यूजी)-2026 पुनः परीक्षा के अभ्यर्थियों को उत्तराखण्ड परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा

 देहरादून, 10 जून ।  प्रदेश में नीट (यूजी)-2026 की पुनः परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों को उत्तराखण्ड परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान की जाएगी। इस सुविधा का लाभ केवल उत्तराखण्ड के स्थायी निवासी अभ्यर्थियों को नीट (यूजी)-2026 के प्रवेश पत्र के आधार पर मिलेगा। यह सुविधा परीक्षा तिथि से दो दिन पूर्व तथा परीक्षा समाप्ति के दो दिन बाद तक मान्य रहेगी।

राज्य सरकार ने नीट (यूजी)-2026 की पुनः परीक्षा में शामिल होने वाले प्रदेश के अभ्यर्थियों को उत्तराखण्ड परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। इस संबंध में सचिव, परिवहन श्री बृजेश कुमार संत द्वारा प्रबंध निदेशक, उत्तराखण्ड परिवहन निगम को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

जारी आदेश के अनुसार, यह सुविधा केवल उत्तराखण्ड राज्य के स्थायी निवासी अभ्यर्थियों को ही अनुमन्य होगी। अभ्यर्थी नीट (यूजी)-2026 के वैध प्रवेश पत्र को प्रदर्शित कर इस सुविधा का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। निःशुल्क यात्रा सुविधा उत्तराखण्ड परिवहन निगम द्वारा संचालित केवल साधारण श्रेणी (ऑर्डिनरी) की बसों में तथा परीक्षा केंद्र के निकटतम मार्ग पर ही मान्य होगी।

इस व्यवस्था के तहत अभ्यर्थी परीक्षा तिथि से दो दिन पूर्व से लेकर परीक्षा तिथि तक अपने गृह स्थान अथवा वर्तमान निवास/प्रवास स्थल से परीक्षा केंद्र तक निःशुल्क यात्रा कर सकेंगे। इसी प्रकार, परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थी परीक्षा तिथि से दो दिन के भीतर परीक्षा केंद्र से अपने गृह स्थान अथवा वर्तमान निवास/प्रवास स्थल तक निःशुल्क वापसी यात्रा का लाभ भी प्राप्त कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!