आली-जिलासू मोटर मार्ग पर 10 साल बाद अब दौड़े वाहन
पोखरी, 11 जून (राणा)। विकासखंड पोखरी के अंतर्गत वर्ष 2014-15 में स्वीकृत 14 किलोमीटर लंबे आली-जिलासू मोटर मार्ग पर बुधवार से यातायात संचालन शुरू हो गया। क्षेत्रीय जनता की बड़ी संख्या की मौजूदगी में पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी ने फीता काटकर मार्ग का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि सड़क निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध होगी। वर्षों से सड़क सुविधा की प्रतीक्षा कर रहे ग्रामीणों को अब गांवों से मुख्य बाजारों और जिला मुख्यालय तक पहुंचने में काफी राहत मिलेगी। सड़क खुलने से कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा रोजगार संबंधी गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी ने कहा कि सड़क किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती है। इस मोटर मार्ग के संचालन से क्षेत्र के कई गांव सीधे सड़क नेटवर्क से जुड़ गए हैं, जिससे लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा। उन्होंने सड़क निर्माण में सहयोग देने वाले ग्रामीणों और संबंधित विभाग के अधिकारियों का आभार भी व्यक्त किया।
ग्रामीणों ने सड़क पर यातायात बहाल होने पर खुशी जताते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उनका कहना था कि लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने से क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान आली विनोद आगरी, ग्राम प्रधान कांडेई प्रभा देवी, ग्राम प्रधान झिलोटी बीरेंद्र बर्तवाल, ग्राम प्रधान शरणा अनूप रावत, ग्राम प्रधान गिरसा रोहित चौहान, अनूप चौहान, तेजपाल बर्तवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे। सड़क पर वाहनों का संचालन शुरू होते ही लोगों ने एक-दूसरे को बधाई देकर अपनी खुशी साझा की।
