Front Page

जाको राखे साइयां : मौत भी न छू सकी ममता की गोद

हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली, 12 जून। कहावत है, “जाको राखे साइयां, मार सके न कोय”। गुरुवार को हाट कल्याणी-सवाड़ मोटर मार्ग पर हुई भीषण बोलेरो दुर्घटना में यह कहावत सच साबित होती दिखाई दी। लगभग 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरे वाहन में मां की गोद से चिपकी 17 माह की मासूम बच्ची चमत्कारिक रूप से बच गई। दुर्घटना में बच्ची और उसकी मां घायल हुई हैं तथा दोनों का उपचार बेस चिकित्सालय श्रीनगर में चल रहा है। हालांकि इस हादसे में मासूम के सात वर्षीय भाई की दर्दनाक मृत्यु हो गई।
गुरुवार सायं देवाल विकासखंड के अंतर्गत हाट कल्याणी-सवाड़ मोटर मार्ग पर लौसरी के समीप एक बोलेरो वाहन गहरी खाई में गिर गया था। इस भीषण दुर्घटना में एक महिला और एक बच्चे सहित चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए।
दुर्घटना में खेता-मानमती गांव निवासी 28 वर्षीय उमा देवी, पत्नी चंदन सिंह, तथा उनकी 17 माह की पुत्री हर्षिता घायल हो गईं। बताया जा रहा है कि हादसे के समय हर्षिता अपनी मां की गोद में थी और वाहन के खाई में गिरने के दौरान भी वह मां से चिपकी रही। इसी कारण दोनों की जान बच गई। हालांकि उन्हें गंभीर चोटें आई हैं और उनका उपचार श्रीनगर के बेस चिकित्सालय में चल रहा है।
इस दुर्घटना में उमा देवी के सात वर्षीय पुत्र दीपू की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं खेता गांव की 28 वर्षीय जानकी देवी, पत्नी दान सिंह, भी इस हादसे का शिकार हो गईं। एक ही क्षेत्र के दो परिवारों में हुई इन मौतों से खेता-मानमती गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
दुर्घटना में घेस गांव निवासी दो चचेरे भाइयों, 54 वर्षीय आलम सिंह पुत्र दीवान सिंह तथा 60 वर्षीय अर्जुन सिंह पुत्र मान सिंह, की भी मृत्यु हो गई। दोनों के निधन से घेस गांव में मातम पसरा हुआ है।
चार लोगों की मौत और चार के घायल होने की इस दुखद घटना से पूरे देवाल क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोग मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
इस बीच शुक्रवार को थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने भाजपा मंडल अध्यक्ष देवाल उमेश मिश्रा, वीरेंद्र बिष्ट, पूर्व मंडल अध्यक्ष नंदू बहुगुणा, नरेंद्र बिष्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य रमेश गड़िया, माइकल गड़िया, किसान मोर्चा अध्यक्ष धीरेंद्र बिष्ट, कार्तिक बिष्ट, अजय रावत तथा विक्रम रौतेला सहित अन्य कार्यकर्ताओं के साथ घेस और खेता-मानमती गांव पहुंचकर शोक-संतप्त परिवारों से मुलाकात की।
विधायक ने परिजनों को सांत्वना देते हुए हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि दुर्घटना से प्रभावित परिवारों को सरकारी स्तर पर उपलब्ध सभी सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही ग्रामीणों को भी इस दुख की घड़ी में धैर्य बनाए रखने का आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!