नंदादेवी राजजात की तैयारियों को लेकर 23 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा
थराली, 12 जून (हरेंद्र बिष्ट)। नंदादेवी राजजात की तैयारियों तथा क्षेत्रीय विकास कार्यों को लेकर केंद्रीय मां नंदादेवी राजराजेश्वरी समिति, बधाण ने उपजिलाधिकारी थराली यशवीर सिंह के माध्यम से जिलाधिकारी चमोली को 23 सूत्रीय मांगपत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
समिति के अध्यक्ष सुशील रावत के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में राजजात के विभिन्न पड़ावों पर प्रस्तावित विकास कार्यों को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने तथा उनके लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
ज्ञापन में समिति ने स्पष्ट किया कि यदि वर्ष 2026 में प्रस्तावित बड़ी जात लोकजात के रूप में आयोजित की जाती है तो उसका भव्य स्वागत किया जाएगा, लेकिन आस्था, परंपराओं और धार्मिक मान्यताओं के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। समिति ने यह भी कहा कि यदि बड़ी जात में गैर-परंपरागत डोलियों अथवा राजछंतोली को शामिल किया जाता है, तो इसके लिए शासन-प्रशासन पूरी तरह जिम्मेदार होगा।
समिति ने नंदा सिद्धपीठ कुरुड़ को पर्यटन मानचित्र में शामिल किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नंदा सिद्धपीठ देवराड़ा को भी पर्यटन मानचित्र में शामिल करने तथा दोनों सिद्धपीठों का समुचित विकास और सौंदर्यीकरण किए जाने की मांग की है।
मांगपत्र में यात्रा मार्गों एवं पड़ावों तक पहुंचने वाले पैदल रास्तों और पुलियों की मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पर्याप्त सोलर स्ट्रीट लाइटों की स्थापना, शुद्ध पेयजल व्यवस्था, पड़ाव स्थलों पर सुव्यवस्थित पार्किंग, श्रद्धालुओं के लिए रेन शेल्टरों का निर्माण तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई है।
ज्ञापन सौंपने वाले शिष्टमंडल में समिति सदस्य डी.डी. कुनियाल, देवराड़ा मंदिर समिति के अध्यक्ष भुवन हटवाल, जय सिंह बिष्ट, हरेंद्र नेगी, पृथ्वी सिंह रावत, ललित मिश्रा, विक्रम नेगी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
