गौचर के व्यापारी हरीश रावत के निधन पर शोक, व्यापारियों ने बंद रखे प्रतिष्ठान
गौचर, 12 जून (गुसाईं)। पालिका क्षेत्र के प्रतिष्ठित व्यापारी हरीश रावत के निधन पर व्यापार मंडल सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उनके सम्मान में शुक्रवार को गौचर के व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हरीश रावत लंबे समय से अस्वस्थ थे और उनका उपचार देहरादून स्थित इंद्रेश अस्पताल में चल रहा था। उपचार के दौरान बुधवार को उनका निधन हो गया। गुरुवार को उनके पैतृक गांव के समीप अलकनंदा नदी तट पर पूरे धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके पुत्र अतुल रावत और विपुल रावत ने उन्हें मुखाग्नि दी।
उनके निधन पर व्यापार संघ के अध्यक्ष राकेश लिंगवाल, कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश नेगी, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष जयकृत बिष्ट, जनकल्याण लोक सेवा समिति के अध्यक्ष सुनील पंवार, अजय किशोर भंडारी, विजय प्रसाद डिमरी सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।
इधर, हरीश रावत के निधन से पूरे गौचर क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके सामाजिक और व्यावसायिक योगदान को याद किया।
