नागनाथ पोखरी के अपूर्व रावत बने सेना में लेफ्टिनेंट, क्षेत्र में खुशी की लहर
पोखरी, 13 जून। नागनाथ पोखरी क्षेत्र के युवा अपूर्व रावत ने भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए), देहरादून से पासिंग आउट परेड सफलतापूर्वक पूर्ण कर भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के रूप में कमीशन प्राप्त किया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल है।
विकासखंड पोखरी के देवर गांव निवासी अपूर्व रावत ने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए), खड़कवासला में तीन वर्ष तथा भारतीय सैन्य अकादमी, देहरादून में एक वर्ष का कठोर सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त किया। अपनी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने भारतीय सेना में अधिकारी बनने का सपना साकार किया।
अपूर्व के पिता अनूप रावत पीएमश्री अटल उत्कृष्ट विद्यालय, राजकीय इंटर कॉलेज नागनाथ पोखरी में व्यायाम शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। वह राजकीय शिक्षक संगठन, चमोली के संरक्षक तथा एनसीसी के चीफ ऑफिसर भी हैं। उन्हें वर्ष 2023 में भारत सरकार के रक्षा राज्य मंत्री द्वारा एनसीसी प्रशंसा पत्र से सम्मानित किया जा चुका है। उनकी माता वीणापाणी रावत राजकीय प्राथमिक विद्यालय सिनाऊ में प्रधानाध्यापिका हैं।
अपूर्व रावत की इस सफलता पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी, बदरीनाथ विधायक लखपत सिंह बुटोला, नगर पंचायत अध्यक्ष सोहन लाल, ब्लॉक प्रमुख राजी देवी, जिला पंचायत सदस्य एवं व्यापार मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राणा, राज्य महिला आयोग सदस्य वत्सला सती सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों और गणमान्य नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
शुभकामना संदेशों में कहा गया कि अपूर्व रावत की उपलब्धि केवल उनके परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे चमोली जनपद और पोखरी क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने यह साबित किया है कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और अटूट संकल्प के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
क्षेत्रवासियों ने विश्वास व्यक्त किया कि अपूर्व रावत की सफलता पहाड़ के युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करेगी तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए एक प्रेरणादायी मिसाल बनेगी।
