Front Pageधर्म/संस्कृति/ चारधाम यात्रा

मुकेश अंबानी ने बदरीनाथ-केदारनाथ धाम में किए दर्शन, बीकेटीसी को 10 करोड़ रुपये का दान

बदरीनाथ/केदारनाथ, 15 जून (कपरुवाण)। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन एवं देश के प्रसिद्ध उद्योगपति मुकेश अंबानी ने सोमवार को श्री बदरीनाथ धाम और श्री केदारनाथ धाम में दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर देश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि मुकेश अंबानी प्रातः सबसे पहले श्री बदरीनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए। इसके बाद पूर्वाह्न में उन्होंने श्री केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन एवं पूजा-अर्चना की। दोनों धामों में बीकेटीसी की ओर से उनका स्वागत कर प्रसाद भेंट किया गया।
दर्शनों के दौरान मुकेश अंबानी ने श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति को कुल 10 करोड़ रुपये की धनराशि दान स्वरूप प्रदान की। उन्होंने बदरीनाथ धाम की व्यवस्थाओं एवं विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपये तथा केदारनाथ धाम के लिए अलग से 5 करोड़ रुपये के दो चेक बीकेटीसी को सौंपे।
इस अवसर पर बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि अंबानी परिवार की भगवान बदरीविशाल और बाबा केदारनाथ के प्रति गहरी आस्था है। उन्होंने बताया कि अन्य वर्षों की भांति इस वर्ष भी मुकेश अंबानी ने बीकेटीसी को 10 करोड़ रुपये का दान प्रदान किया है। उन्होंने इसके लिए मुकेश अंबानी एवं उनके परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।
बदरीनाथ धाम में इस अवसर पर बीकेटीसी के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, सदस्य धीरज मौनू पंचभैया, रजनीश भट्ट, मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़, पूर्व सीईओ बी.डी. सिंह, प्रभारी अधिकारी गिरीश चौहान, पूर्व सदस्य भास्कर डिमरी, धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल, वेदपाठी रविन्द्र भट्ट, प्रमोद नौटियाल, भूपेंद्र रावत सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
वहीं केदारनाथ धाम में बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कपरुवाण, सदस्य डॉ. विनीत पोस्ती, प्रभारी अधिकारी विपिन तिवारी, केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, पुजारी टी. गंगाधर लिंग, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी डी.एस. भुजवाण, वरिष्ठ सहायक विपिन तिवारी, जेई विपिन कुमार, विवेक शुक्ला, दीपक पंवार तथा सूरज जमलोकी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने मुकेश अंबानी का स्वागत करते हुए उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!