Front Pageआपदा/दुर्घटना

कैल नदी में डूबने से 17 वर्षीय युवक की मौत, क्षेत्र में शोक

 

थराली, 15 जून (हरेंद्र बिष्ट)। विकासखंड देवाल के अंतर्गत कैल नदी में डूबने से 17 वर्षीय युवक की मृत्यु हो गई। इस दुखद घटना से मृतक के गांव हाट कल्याणी सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब तीन बजे हाट कल्याणी गांव के तीन युवक नहाने के लिए निकट बहने वाली कैल नदी में गए थे। इस दौरान नदी में बने एक गहरे तालाबनुमा हिस्से में हाट गांव निवासी 17 वर्षीय आयुष परिहार, पुत्र गजेंद्र सिंह परिहार, अचानक डूबने लगा। उसके साथ मौजूद अन्य दो युवकों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को सहायता के लिए बुलाया।
शोर सुनकर कैल गांव के कुछ ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आयुष को नदी से बाहर निकाला। इस बीच घटना की सूचना पुलिस और 108 एंबुलेंस सेवा को दी गई। सूचना मिलते ही देवाल पुलिस चौकी प्रभारी संदीप देवरानी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। युवक को 108 एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थराली थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया ने बताया कि शव का पंचनामा भरने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
इस हादसे से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पूरे गांव और क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!