रावलजाड़ मंदिर के संरक्षण एवं विकास को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन
गौचर, 16 जून (गुसाईं)। रानों मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधियों ने रावलजाड़ मंदिर की सुरक्षा दीवार के निर्माण तथा मंदिर के समग्र विकास कार्यों की मांग को लेकर जिलाधिकारी चमोली को संयुक्त ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में ग्राम पंचायत बिजराकोट, बड़ेथ, डांग, इज्जर, भन्वाड़ी, रानों, सारी, क्वीठी, काण्डा तथा तोली-गैलुंग के ग्राम प्रधानों एवं रावलजाड़ मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने रावलजाड़ धाम के संरक्षण, सुरक्षा और विकास के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की।
इस अवसर पर रावलजाड़ मंदिर समिति के अध्यक्ष सुनील पंवार, उपाध्यक्ष राजेन्द्र भण्डारी, सचिव ईश्वर सिंह बिष्ट, कोषाध्यक्ष गजेन्द्र भण्डारी तथा समिति सदस्य बीरेन्द्र भण्डारी सहित अन्य लोगों ने कहा कि क्षेत्र की आस्था के प्रमुख केंद्र रावलजाड़ मंदिर की सुरक्षा एवं विकास के लिए क्षेत्रवासियों का यह सामूहिक प्रयास निश्चित रूप से सकारात्मक परिणाम देगा। उन्होंने प्रशासन से मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया।
