थराली के आपदा प्रभावित 89 परिवारों को राहत राशि के चेक वितरित
थराली, 17 जून (हरेंद्र बिष्ट)। चमोली जिले की थराली विधानसभा क्षेत्र में आपदा प्रभावित परिवारों को राहत राशि के चेक वितरित किए गए। बुधवार को थराली ब्लॉक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामोत्थान परियोजना (आरईएपी) तथा मुख्यमंत्री राहत कोष के तहत लाभार्थियों को सहायता राशि प्रदान की गई। चेकों का वितरण थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने किया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामोत्थान परियोजना (आरईएपी) के तहत वर्ष 2025 की आपदा से प्रभावित 80 परिवारों को कुल 55 लाख 2 हजार 376 रुपये की राहत राशि के चेक वितरित किए गए। वहीं मुख्यमंत्री राहत कोष से नौ आपदा प्रभावित परिवारों को 3 लाख 96 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।
इस अवसर पर विधायक भूपाल राम टम्टा ने कहा कि वर्ष 2025 में थराली तथा चेपड़ों क्षेत्र में आई आपदा से लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आपदा प्रभावितों के साथ मजबूती से खड़े हैं। सरकार प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रही है तथा राहत एवं पुनर्वास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है।
कार्यक्रम में आरईएपी के जिला समन्वयक श्रीकांत यादव, तहसीलदार अक्षय पंकज, राजस्व उपनिरीक्षक रोबट सिद्दीकी, पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष रणजीत सिंह नेगी, नंदू बहुगुणा, राकेश भारद्वाज, पार्षद दिवाकर नेगी, केदार पंत सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
