क्षेत्रीय समाचार

नशा मुक्ति के लिए युवाओं को आगे आने का आह्वान

पोखरी, 18 जून (राणा)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नागनाथ पोखरी की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई एवं एंटी ड्रग्स सेल के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को “नशा मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. रीटा शर्मा ने नशा मुक्ति की शपथ दिलाकर किया। उन्होंने कहा कि नशा युवा शक्ति को कमजोर करता है और समाज के विकास में सबसे बड़ी बाधाओं में से एक है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर स्वस्थ, सकारात्मक एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर छात्र भरत ने “नशा मुक्ति एवं विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका” विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सजग रहने तथा अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।
राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शाजिया सिद्दीकी ने कहा कि युवाओं की जागरूकता और सक्रिय सहभागिता से ही नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ समाज में जनजागरूकता फैलाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम का समापन नशा मुक्त भारत के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। इस अवसर पर डॉ. रामानंद उनियाल, डॉ. किरण चौहान, डॉ. आरती रावत, डॉ. आयुष बर्त्वाल, विमल बिष्ट, विक्रम कंडारी सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!