क्षेत्रीय समाचार

विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर थराली में कांग्रेस ने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

थराली, 20 जून (हरेंद्र बिष्ट)। थराली विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक डॉ. जीतराम के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को उपजिलाधिकारी थराली यशवीर सिंह रावत से मुलाकात कर विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में क्षेत्र की कई गंभीर समस्याओं की ओर मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित करते हुए उनके शीघ्र निराकरण की मांग की गई।
एसडीएम के माध्यम से भेजे गए ज्ञापन में कहा गया है कि थराली, चेपड़ों तथा आसपास के क्षेत्रों में गत वर्ष आई दैवीय आपदा के बाद भी सुरक्षा दीवारों एवं क्षतिग्रस्त संपर्क मार्गों का पुनर्निर्माण नहीं हो पाया है। जबकि मानसून का मौसम फिर से शुरू हो चुका है, जिससे प्रभावित परिवारों के सामने एक बार फिर संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
ज्ञापन में पिंडर घाटी क्षेत्र में पिंडर नदी में हो रहे कथित अवैध खनन पर रोक लगाने की मांग भी उठाई गई। साथ ही थराली में पिंडर नदी पर बने पुल तथा सूनगाड़ गदेरे के पुलों पर उपखनिज से लदे तेज रफ्तार डंपरों की आवाजाही से संरचनाओं को हो रहे संभावित खतरे पर चिंता व्यक्त की गई।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आपदा प्रभावित लोगों को मुआवजा वितरण में कथित भेदभाव की निष्पक्ष जांच कराने तथा वास्तविक पीड़ितों को तत्काल राहत राशि उपलब्ध कराने की मांग भी की। इसके अतिरिक्त आपदाग्रस्त क्षेत्रों में पुनर्निर्माण एवं सुरक्षा कार्यों में तेजी लाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
ज्ञापन सौंपने के दौरान थराली ब्लॉक प्रमुख सुनीता रावत, व्यापार संघ अध्यक्ष संदीप रावत, अब्बल गुसाईं, आशु रावत, हीर सिंह चिनवान, ललित सिंह रावत, प्रमोद बिष्ट, नरेंद्र बिष्ट, मुकेश देवराड़ी सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!