परिवर्तन संकल्प सम्मेलन के जरिए जनता के बीच जाएगी उत्तराखंड कांग्रेस, चार जोनों में होगा अभियान
देहरादून, 20 जून । प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में शनिवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने संयुक्त रूप से आगामी “परिवर्तन संकल्प सम्मेलन” कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की।
प्रीतम सिंह ने कहा कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, महिलाओं की सुरक्षा, भ्रष्टाचार तथा जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस जनता के बीच जाएगी और भाजपा सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों को उजागर करेगी। उन्होंने बताया कि अभियान के प्रथम चरण में पर्वतीय विधानसभा क्षेत्रों को शामिल किया गया है, जिन्हें चार जोनों में विभाजित किया गया है।
उन्होंने बताया कि पहले जोन की जिम्मेदारी प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल को सौंपी गई है। उनके साथ विधायक मयूख महर, हरीश धामी और खुशाल सिंह अधिकारी रहेंगे। इस जोन के अंतर्गत चम्पावत, लोहाघाट, पिथौरागढ़, डीडीहाट, धारचूला, गंगोलीहाट, बागेश्वर और कपकोट विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। यहां कार्यक्रम 28 जून से 2 जुलाई तक आयोजित होंगे।
दूसरे जोन के प्रभारी चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत होंगे। उनके साथ सुरेंद्र सिंह नेगी, शूरवीर सिंह सजवाण, विधायक लखपत सिंह बुटोला, पूर्व विधायक जीत राम और मनोज रावत शामिल रहेंगे। इस जोन में यमकेश्वर, कोटद्वार, लैंसडाउन, चौबट्टाखाल, श्रीनगर, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, केदारनाथ, बदरीनाथ, थराली और कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। यहां कार्यक्रम 28 जून से 7 जुलाई तक चलेंगे।
तीसरे जोन की जिम्मेदारी चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह को दी गई है। उनके साथ उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी और विधायक विक्रम सिंह नेगी रहेंगे। इस जोन में पुरोला, यमुनोत्री, गंगोत्री, प्रतापनगर, घनसाली, टिहरी, नरेंद्रनगर, देवप्रयाग और धनोल्टी विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। कार्यक्रम 28 जून से 7 जुलाई तक आयोजित किए जाएंगे।
चौथे जोन के प्रभारी पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा होंगे। उनके साथ पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, विधायक मनोज तिवारी, मदन बिष्ट और सुमित हृदयेश शामिल रहेंगे। इस जोन में हल्द्वानी, लालकुआं, कालाढूंगी, भीमताल, नैनीताल, रामनगर, जागेश्वर, अल्मोड़ा, सोमेश्वर, द्वाराहाट, रानीखेत और सल्ट विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। यहां कार्यक्रम 29 जून से 9 जुलाई तक आयोजित होंगे।
प्रीतम सिंह ने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ता सम्मेलन, जनसभा, कार्यकर्ताओं से संवाद तथा विभिन्न जनमुद्दों को लेकर धरना-प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य किसी भी जोन के कार्यक्रमों में भाग ले सकते हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार, खनन और संसाधनों के दोहन को लेकर जनता में व्यापक असंतोष है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के संसाधनों पर सत्ता से जुड़े लोगों का कब्जा बढ़ता जा रहा है और खनन पट्टों के आवंटन में पक्षपात किया जा रहा है। उन्होंने मीडिया से अपील की कि जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाए, ताकि सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली की वास्तविकता जनता तक पहुंच सके।
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए गोदियाल ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई के दौरान केवल निचले स्तर के लोगों को जिम्मेदार ठहराने के बजाय पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के हालिया बयानों पर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सत्तारूढ़ दल को जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए।
उन्होंने बताया कि वर्तमान चरण में अभियान पर्वतीय विधानसभा क्षेत्रों तक सीमित रहेगा, जबकि अगले चरण में ऊधमसिंह नगर, हरिद्वार, देहरादून, विकासनगर सहित मैदानी क्षेत्रों के लिए भी अलग कार्यक्रम घोषित किए जाएंगे।
पत्रकार वार्ता में प्रदेश महामंत्री राजेंद्र शाह, राजेंद्र भंडारी, नवीन जोशी, प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, अभिनव थापर, सुनीत राठौड़ सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
