Front Pageआपदा/दुर्घटना

बादल फटने से नारायणबगड़ में भारी तबाही, कई वाहन मलबे में दबे, राजमार्ग सात घंटे बंद


-हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट
थराली/नारायणबगड़, 26 जून। पिंडर घाटी के नारायणबगड़ विकासखंड मुख्यालय में गुरुवार देर रात हुई मूसलाधार बारिश और बादल फटने की घटना से भारी नुकसान हुआ। पहाड़ी से आए मलबे ने राजकीय इंटर कॉलेज नारायणबगड़ परिसर और ग्वालदम–सिमली राष्ट्रीय राजमार्ग को अपनी चपेट में ले लिया। राजमार्ग पर खड़े कई वाहन मलबे में दब गए, जबकि कई दुकानों और आवासीय मकानों में मलबा घुसने से व्यापक क्षति हुई।

देर रात हुई इस घटना में राजकीय इंटर कॉलेज के भवनों में भी मलबा भर गया। राष्ट्रीय राजमार्ग पर मलबा आने से यातायात करीब सात घंटे तक पूरी तरह बाधित रहा। मलबे में दबे वाहनों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। डीजीबीआर ने जेसीबी मशीनों की सहायता से मलबा हटाकर शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे राजमार्ग पर यातायात बहाल किया।
बादल फटने के कारण इंटर कॉलेज के नीचे स्थित कई दुकानों और आवासीय भवनों में भी मलबा घुस गया, जिससे लोगों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। तेज गर्जना और तेजी से बहते मलबे को देखते हुए कॉलेज की तलहटी में रहने वाले लोगों ने एहतियात के तौर पर रात में अपने घर खाली कर दिए। बारिश थमने और स्थिति सामान्य होने के बाद ही वे वापस अपने घर लौट सके।
उधर, तहसील मुख्यालय थराली तथा आसपास के क्षेत्रों में भी मूसलाधार बारिश से कई मोटर मार्गों पर मलबा आ गया, जिससे सामान्य यातायात प्रभावित रहा। वहीं विकासखंड देवाल के कई ग्रामीण क्षेत्रों से भी भारी बारिश की सूचना मिली है। हालांकि, आश्चर्यजनक रूप से विकासखंड मुख्यालय देवाल और उसके आसपास के गांवों में एक बूंद भी बारिश नहीं हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!