तीन दशक की सेवा के बाद बीकेटीसी के दो वरिष्ठ अधिकारी सेवानिवृत्त, भावभीनी विदाई

बदरीनाथ/ज्योतिर्मठ, 30 जून (कपरुवाण)। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी एवं बदरीनाथ धाम प्रभारी गिरीश चौहान तथा मंदिर अधिकारी राजेंद्र चौहान मंगलवार को तीन दशक से अधिक के गौरवपूर्ण सेवाकाल के बाद अधिवर्षता आयु पूर्ण होने पर सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर बदरीनाथ धाम स्थित बीकेटीसी कार्यालय सभागार में उनके सम्मान में भव्य विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
समारोह में बदरीनाथ धाम के रावल अमरनाथ नंबूदरी, बीकेटीसी के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़, समिति के सदस्यों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों अधिकारियों को पुष्पमालाएं पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर, अभिनंदन पत्र तथा स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उनके दीर्घ, समर्पित एवं अनुकरणीय सेवाकाल की सराहना करते हुए मंदिर समिति के प्रति उनके योगदान को याद किया गया।
कार्यक्रम में बीकेटीसी के पूर्व उपाध्यक्ष किशोर पंवार, सेवानिवृत्त अधिकारियों के परिजन तथा समिति के अनेक अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे। मंदिर समिति की ओर से दोनों अधिकारियों के परिवारजनों को भी सम्मानित किया गया।
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने अपने शुभकामना संदेश में दोनों अधिकारियों के स्वस्थ, सुखमय एवं मंगलमय जीवन की कामना करते हुए कहा कि उनका योगदान मंदिर समिति के लिए सदैव स्मरणीय रहेगा।
उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने कहा कि दोनों अधिकारियों का लंबा अनुभव और कार्यशैली आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगी। वहीं मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने कहा कि दोनों अधिकारियों ने पूरे सेवाकाल में निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ मंदिर समिति की सेवा की है। उनके कार्यों को हमेशा सम्मान के साथ याद किया जाएगा।
समारोह के अंत में दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों ने भावुक होकर सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया।
मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ के अनुसार समारोह में पूर्व धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल, धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल, नायब रावल सूर्यराग नंबूदरी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी युद्धबीर पुष्पवान, प्रशासनिक अधिकारी विवेक थपलियाल, अधिशासी अभियंता विपिन तिवारी, सहित मंदिर समिति के अधिकारी, कर्मचारी, तीर्थ पुरोहित और स्थानीय जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
समारोह के उपरांत पारंपरिक ढोल-दमाऊं और बैंड-बाजों के साथ दोनों अधिकारियों को सम्मानपूर्वक बदरीनाथ धाम से उनके गृहनगर ज्योतिर्मठ के लिए विदा किया गया। ज्योतिर्मठ पहुंचने पर स्थानीय नागरिकों, शुभचिंतकों तथा बीकेटीसी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष बिजेंद्र बिष्ट के नेतृत्व में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इसके बाद श्री नृसिंह मंदिर कार्यालय परिसर में भी उनके सम्मान में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
