क्षेत्रीय समाचार

नंदा देवी राजजात से पहले थराली लोनिवि डिवीजन से छह कर्मचारियों का तबादला, कार्य प्रभावित होने की आशंका

 

हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली, 1 जुलाई। आगामी श्री नंदा देवी राजजात यात्रा से पहले लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के थराली निर्माण खंड से एक साथ तीन अभियंताओं और तीन मिनिस्ट्रियल कर्मचारियों के तबादले किए जाने से विभागीय कार्यों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय स्तर पर यह सवाल उठ रहे हैं कि जब राजजात यात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं, तब रिक्त पदों पर नई नियुक्तियां न किए जाने से महत्वपूर्ण विकास और रखरखाव कार्य कैसे पूरे होंगे।

मुख्य अभियंता, लोक निर्माण विभाग, देहरादून द्वारा 30 जून को जारी स्थानांतरण सूची के अनुसार थराली डिवीजन से एक सहायक अभियंता, एक अपर सहायक अभियंता (यांत्रिक), एक कनिष्ठ अभियंता (प्राविधिक), एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी तथा दो कनिष्ठ सहायकों का तबादला किया गया है। हालांकि, इन पदों के स्थान पर अब तक किसी भी अधिकारी अथवा कर्मचारी की तैनाती नहीं की गई है।

जानकारों के अनुसार, थराली डिवीजन पर आगामी श्री नंदा देवी राजजात यात्रा से जुड़े सबसे महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों का दायित्व है। वर्तमान में राजजात मार्ग पर थराली–देवाल–मंदोली–वाण सड़क के 52.20 किलोमीटर तथा ग्वालदम–नंदकेशरी राजमार्ग के लगभग 15 किलोमीटर हिस्से में 47 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विकास कार्य चल रहे हैं।

सूत्रों के मुताबिक, इस डिवीजन के जिम्मे विश्व बैंक सहायता प्राप्त चार पुलों का निर्माण, जिला योजना के कार्य, 51 ग्रामीण सड़कों, एक जीप मार्ग, छह पैदल मार्गों तथा लगभग 90 झूला पुलों, मोटर पुलों और पुलियों के रखरखाव का दायित्व भी है। इसके अतिरिक्त कई नई सड़क परियोजनाओं की स्वीकृतियां लंबित हैं तथा विभिन्न स्तरों पर अनेक प्रस्ताव विचाराधीन हैं। मानसून के दौरान संभावित आपदाओं से निपटने के साथ-साथ राज्य और जिला योजना के कार्यों का अतिरिक्त दबाव भी विभाग पर बना हुआ है।
ऐसी स्थिति में एक साथ छह कर्मचारियों के स्थानांतरण और उनके स्थान पर नई तैनाती न होने से विभागीय कार्यों की गति प्रभावित होने तथा इसका सीधा असर आम जनता और राजजात यात्रा की तैयारियों पर पड़ने की आशंका व्यक्त की जा रही है।

डॉ0 जीतराम पूर्व विधायक

इस मामले में पूर्व विधायक डॉ. जीत राम ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में मानसून के दौरान कभी भी आपदा की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। ऐसे समय में लोक निर्माण विभाग जैसे महत्वपूर्ण विभाग में पर्याप्त अभियंताओं और कर्मचारियों की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है। उनका कहना है कि थराली डिवीजन से एक साथ तीन अभियंताओं और तीन मिनिस्ट्रियल कर्मचारियों का स्थानांतरण कर देना तथा उनके स्थान पर किसी की नियुक्ति न करना क्षेत्र की उपेक्षा को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये की लागत से राजजात यात्रा से जुड़े कार्य चल रहे हैं और पिछले वर्ष की आपदा से भी क्षेत्र की सड़कें बुरी तरह प्रभावित हुई थीं। ऐसे में सरकार को तत्काल रिक्त पदों पर नियुक्तियां करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो जनहित में आवाज उठाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!