गौचर में खाद्य कारोबारियों को फूड सेफ्टी एवं स्वच्छता का प्रशिक्षण
गौचर, 8 जुलाई (गुसाईं)। एनएएसबीआई के तत्वावधान में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में गौचर के खाद्य कारोबारियों को फूड सेफ्टी एवं स्वच्छता संबंधी आवश्यक जानकारियां दी गईं।
नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष राकेश लिंगवाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में खाद्य व्यवसायियों के लिए फूड सेफ्टी एवं स्वच्छता प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उत्तराखंड खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) के सहयोग से मुख्य प्रशिक्षक राजीव कुमार एवं राजीव उपाध्याय ने कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा के मानकों की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान प्रतिभागियों को फूड सेफ्टी प्रशिक्षण प्रमाणपत्र भी वितरित किए गए।
प्रशिक्षकों ने व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने, एक्सपायरी डेट वाले खाद्य पदार्थों का भंडारण एवं बिक्री नहीं करने, सभी प्रतिष्ठानों का फूड लाइसेंस बनवाने तथा ग्राहकों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने का आग्रह किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारियों ने प्रतिभाग कर खाद्य सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी प्राप्त की।
