Front Page

एचआरटी का सफल ब्रेकथ्रू, तपोवन-विष्णुगाड़ परियोजना ने हासिल की बड़ी निर्माण उपलब्धि

 

ज्योतिर्मठ, 8 जुलाई (कपरुवाण)। एनटीपीसी की 520 मेगावाट तपोवन-विष्णुगाड़ जलविद्युत परियोजना ने बुधवार को हेड रेस टनल (एचआरटी) के सफल ब्रेकथ्रू के साथ निर्माण कार्य में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। फेस-2 और फेस-3 से बनाई जा रही सुरंगों का सटीक ब्रेकथ्रू होने से दोनों ओर से खोदी गई टनल सफलतापूर्वक आपस में जुड़ गई।

इस ब्रेकथ्रू के लिए फेस-2 से 1,748 मीटर तथा फेस-3 से 981 मीटर सुरंग की खुदाई की गई। यह उपलब्धि परियोजना के सबसे महत्वपूर्ण और तकनीकी रूप से जटिल हिस्सों में शामिल हेड रेस टनल के निर्माण में एक अहम पड़ाव मानी जा रही है।

12.1 किलोमीटर लंबी हेड रेस टनल में अब तक 9.7 किलोमीटर खुदाई पूरी हो चुकी है, जो कुल कार्य का लगभग 80 प्रतिशत है।
हिमालयी क्षेत्र की अत्यंत चुनौतीपूर्ण भू-वैज्ञानिक परिस्थितियों, कठोर शैल संरचनाओं और जटिल भूमिगत निर्माण हालात के बावजूद परियोजना से जुड़े अभियंताओं और कार्यबल ने उच्च तकनीकी दक्षता, दृढ़ संकल्प तथा सुरक्षा एवं गुणवत्ता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।

इस अवसर पर एनटीपीसी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ परियोजना की निष्पादन एजेंसी हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड (एचसीसी) के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए पूरे कार्यबल की अथक मेहनत, तकनीकी उत्कृष्टता और निर्माण कार्य के दौरान उच्चतम सुरक्षा मानकों के पालन की सराहना की।

हेड रेस टनल के सफल ब्रेकथ्रू के बाद अब टनल लाइनिंग का कार्य शुरू किया जाएगा, जिससे परियोजना के निर्माण कार्य में और तेजी आएगी।

परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक अजय कुमार शुक्ला ने सभी अधिकारियों, अभियंताओं, कर्मचारियों और सहयोगी एजेंसियों को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए एचआरटी टीम के समर्पण, कठिन परिश्रम और उत्कृष्ट कार्य निष्पादन की सराहना की। उन्होंने कहा कि एनटीपीसी सुरक्षा, गुणवत्ता और इंजीनियरिंग उत्कृष्टता के सर्वोच्च मानकों का पालन करते हुए परियोजना को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि स्वच्छ, हरित और विश्वसनीय जलविद्युत उत्पादन के माध्यम से देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है तथा भारत के सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति में एनटीपीसी की भूमिका को और सशक्त बनाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!