भोले महाराज के जन्मोत्सव पर 25 जुलाई से तीन दिवसीय विशाल जनकल्याण समारोह
नई दिल्ली, 24 जुलाई। आध्यात्मिक गुरु एवं समाजसेवी भोले महाराज के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में हंस ज्योति (हंस कल्चरल सेंटर की इकाई) द्वारा हंसलोक आश्रम, भाटी माइंस रोड, छतरपुर (दिल्ली) में 25 से 27 जुलाई तक तीन दिवसीय विशाल जनकल्याण समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से हजारों श्रद्धालु-भक्तों तथा संत-महात्माओं के शामिल होने की संभावना है।
हंस ज्योति के मीडिया प्रभारी बी.के. त्यागी ने बताया कि कार्यक्रम 25 एवं 26 जुलाई को सायं 6 बजे से रात 9 बजे तक तथा 27 जुलाई को पूर्वाह्न 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होगा।
उन्होंने बताया कि समारोह के दौरान भोले महाराज एवं मंगला अध्यात्म ज्ञान के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, पारस्परिक सद्भाव, शांति, एकता, परोपकार, मानव सेवा तथा जनकल्याण जैसे मानवीय मूल्यों का संदेश देंगे। साथ ही युवाओं को अध्यात्म से जोड़कर उन्हें संस्कारवान एवं चरित्रवान बनाने पर विशेष बल दिया जाएगा।
बी.के. त्यागी ने बताया कि देश के विभिन्न तीर्थस्थलों से पधार रहे संत-महात्मा एवं प्रसिद्ध भजन गायक आत्मकल्याणकारी सत्संग और भजनों की प्रस्तुति देंगे, जिससे श्रद्धालु आध्यात्मिक लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
