आपदा/दुर्घटना

भारी बारिश से पोखरी क्षेत्र की सड़कें बदहाल, आवागमन जोखिम भरा

पोखरी, 24 जुलाई (राणा)। विकासखंड पोखरी में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते लोक निर्माण विभाग के अधीन आने वाले कई मोटर मार्ग बदहाल हो गए हैं। जगह-जगह सड़कें क्षतिग्रस्त होने, मलबा आने और पुस्ते टूटने से आवागमन जोखिम भरा बन गया है। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने शासन-प्रशासन से प्रभावित सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने तथा सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम करने की मांग की है।
पोखरी–हापला–देवखाल मोटर मार्ग पर डामरीकरण उखड़ जाने से सड़क कई स्थानों पर गड्ढों में तब्दील हो गई है। बारिश का पानी भरने से कीचड़ फैल गया है, जबकि सड़क किनारे उगी झाड़ियां वाहन चालकों के लिए अतिरिक्त खतरा पैदा कर रही हैं।
वहीं, चांदनीखाल–रडुवा–काणडई–चंद्रशिला मोटर मार्ग के प्रथम चरण का निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद लगातार बारिश से जगह-जगह मलबा आने और पुस्ते टूटने के कारण सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।
पोखरी–मोहनखाल मोटर मार्ग पर थाना क्षेत्र के ऊपर पहाड़ी से चट्टान टूटने के कारण भारी मलबा और बड़े पत्थर सड़क पर आ गिरे। इस घटना में एक ऑल्टो कार गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि एक ब्रेजा कार को भी नुकसान पहुंचा। हालांकि, किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
इसके अलावा हापला–गुणम–नैल मोटर मार्ग पर भी कई स्थानों पर मलबा और पत्थर आने से सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। जगह-जगह पुस्ते टूटने से सड़क की स्थिति और अधिक खराब हो गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द मरम्मत और सुरक्षा कार्य नहीं कराए गए तो लगातार हो रही बारिश के बीच इन मार्गों पर दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहेगी। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से तत्काल क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, मलबा हटाने और झाड़ियों की सफाई कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!