चांदनीखाल–रडुवा–कांडेई चंद्रशिला सड़क पर सुरक्षा कार्य अधूरे
आवासीय भवनों पर भूस्खलन का खतरा

पोखरी, 27 जुलाई (राणा)। लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित तीन किलोमीटर लंबी चांदनीखाल–रडुवा–कांडेई चंद्रशिला मोटर मार्ग के प्रथम चरण की कटिंग पूरी होने के बावजूद द्वितीय चरण के तहत प्रस्तावित पुस्तों, सुरक्षा दीवारों और स्कपरों का निर्माण अब तक शुरू नहीं हो पाया है।
लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क पर जगह-जगह मलबा आने, पुस्तों के क्षतिग्रस्त होने और मार्ग के दलदली व जर्जर होने से आवागमन प्रभावित हो रहा है। वहीं, कांडेई चंद्रशिला गांव के कई आवासीय भवनों पर भी भूस्खलन का खतरा मंडराने लगा है।
ग्रामीणों का कहना है कि हल्की बारिश के दौरान भी उन्हें भय के साये में रात गुजारनी पड़ रही है। उनका आरोप है कि यदि शीघ्र सुरक्षात्मक कार्य नहीं कराए गए तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
इस संबंध में ग्राम प्रधान भगत सिंह भंडारी, पूर्व प्रधान नवीन राणा, प्रदीप राणा, मदन सिंह भंडारी, उपप्रधान अंजू देवी सहित अन्य ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी अलकेश नौडियाल को ज्ञापन सौंपकर सड़क पर पुस्तों, स्कपरों और सुरक्षा दीवारों का तत्काल निर्माण कराने की मांग की। साथ ही आवासीय भवनों के नीचे पक्के पुस्ते बनाकर भूस्खलन के खतरे से सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई।
उपजिलाधिकारी अलकेश नौडियाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए हैं।
